तीन महीने तक बना रहा झूठा रिश्ता, जब सच्चाई सामने आई तो दरवाजे से ही कर दिया इनकार, फिर खुला खौफनाक राज


स्वतंत्र बोल
रायगढ़, 23 अप्रैल 2026:
 एक झूठे रिश्ते की आड़ में विश्वास तोड़ने और शोषण का मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ संबंध बनाए और फिर उसे दर-दर भटकने के लिए छोड़ दिया। मामला सामने आते ही महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता ने 21 अप्रैल को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसने बताया कि आरोपी बादल सारथी (20 वर्ष), निवासी रायगढ़, ने उसे शादी का झांसा दिया था। पीड़िता के अनुसार, अप्रैल 2025 में वह काम के सिलसिले में दिल्ली गई थी। वहां से लौटने के बाद उसकी पहचान आरोपी से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।

आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसे अपने घर में करीब तीन महीने तक पत्नी की तरह रखा और इस दौरान उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब भी पीड़िता ने शादी की बात की, आरोपी बहाने बनाकर टालता रहा। बाद में उसने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया।

मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। जनवरी 2026 में पीड़िता दोबारा काम के लिए दिल्ली गई, जहां आरोपी भी उसके पास पहुंच गया और करीब एक महीने तक उसके साथ रहा। इसी दौरान पीड़िता के गर्भवती होने की जानकारी सामने आई, जिस पर आरोपी ने जल्द शादी का आश्वासन दिया। लेकिन 24 मार्च 2026 को वह बिना बताए दिल्ली से रायगढ़ लौट आया।

पीड़िता 2 अप्रैल को रायगढ़ पहुंची और आरोपी के घर गई, लेकिन वहां उसे अंदर तक नहीं घुसने दिया गया। आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस का सहारा लिया।

महिला थाना में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 33/2026 के तहत धारा 69 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने टीम के साथ आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की भी अहम भूमिका रही। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और लोगों में इस तरह की घटनाओं को लेकर आक्रोश भी देखा जा रहा है।