आईपीएल 2025: 14 साल के वैभव सूर्यवंशी का धमाका, 35 गेंदों में तूफानी शतक
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 में सोमवार को राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेले गए मुकाबले में क्रिकेट प्रेमियों को एक ऐतिहासिक पारी देखने को मिली। महज 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 35 गेंदों में शतक ठोककर इतिहास रच दिया और राजस्थान रॉयल्स को यादगार जीत दिलाई।
गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 210 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। लेकिन वैभव की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर राजस्थान ने महज 16वें ओवर में ही 8 विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
आईपीएल में दूसरी सबसे तेज़ सेंचुरी
वैभव की यह पारी आईपीएल इतिहास में दूसरी सबसे तेज शतकीय पारी बन गई है। उनसे आगे केवल वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल हैं, जिन्होंने 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की ओर से 30 गेंदों में शतक ठोका था। तीसरे स्थान पर राजस्थान रॉयल्स के ही पूर्व खिलाड़ी यूसुफ पठान हैं, जिन्होंने 2010 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 37 गेंदों में शतक जड़ा था। वहीं, डेविड मिलर ने 2013 में किंग्स इलेवन पंजाब के लिए 38 गेंदों में शतक जमाया था।
सबसे कम उम्र में टी20 शतक लगाने वाले बल्लेबाज
वैभव ने महज 14 साल और 32 दिन की उम्र में यह शतक ठोककर नया इतिहास रच दिया है। इससे पहले सबसे कम उम्र में टी20 शतक लगाने का रिकॉर्ड विजय जोल के नाम था, जिन्होंने 18 साल और 118 दिन की उम्र में शतक जमाया था। बांग्लादेश के परवेज हुसैन इमन और फ्रांस के गुस्ताव मकेऑन भी इस सूची में शामिल हैं, लेकिन अब वैभव ने इन सभी को पीछे छोड़ दिया है।
17 गेंदों में अर्धशतक, कई रिकॉर्ड्स अपने नाम
वैभव ने सिर्फ 17 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जिसमें 3 चौके और 6 छक्के शामिल थे। यह इस सीजन का सबसे तेज अर्धशतक भी रहा। राजस्थान रॉयल्स के इतिहास में भी यह दूसरी सबसे तेज फिफ्टी है। इसके अलावा, आईपीएल में सबसे कम उम्र में फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड भी अब वैभव के नाम है, जिन्होंने रियान पराग का रिकॉर्ड तोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
वैभव सूर्यवंशी की इस यादगार पारी ने आईपीएल को एक नया सितारा दे दिया है, जिसे आने वाले समय में क्रिकेट जगत में चमकते हुए देखना रोमांचक होगा।


