देशभर में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2026 लागू—बल्क वेस्ट जनरेटर्स को खुद उठानी होगी जिम्मेदारी, MCD ने शुरू किया अमल

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली,28 अप्रैल 2026:
नई दिल्ली से एक बड़ा बदलाव सामने आया है, जो अब सीधे आम जिंदगी और बड़े संस्थानों की कार्यप्रणाली को प्रभावित करेगा। देशभर में Solid Waste Management Rules 2026 लागू कर दिए गए हैं, जिन्होंने पुराने नियमों की जगह लेते हुए कचरा प्रबंधन को कहीं ज्यादा सख्त बना दिया है।

इन नए नियमों का सबसे बड़ा असर “बल्क वेस्ट जनरेटर्स” पर पड़ने वाला है। अब ऐसे सभी सरकारी और निजी संस्थान, जो तय मानकों के दायरे में आते हैं, उन्हें अपने परिसर में उत्पन्न कचरे का निस्तारण खुद करना होगा। यानी अब जिम्मेदारी से बचना आसान नहीं होगा।

नियमों के मुताबिक, जिन संस्थानों का क्षेत्रफल 20,000 वर्गमीटर या उससे अधिक है, या जहां प्रतिदिन 40,000 लीटर से ज्यादा पानी की खपत होती है, या फिर रोजाना 100 किलो या उससे अधिक कचरा निकलता है—उन्हें बल्क वेस्ट जनरेटर माना जाएगा। इस श्रेणी में सरकारी विभाग, होटल, बड़े बाजार, आवासीय सोसायटी, शैक्षणिक संस्थान और बड़े आयोजनकर्ता शामिल हैं।

नए प्रावधानों के तहत इन सभी संस्थानों को कचरे का पृथक्करण, प्रसंस्करण और निस्तारण खुद करना अनिवार्य होगा। अगर कोई संस्थान अपने स्तर पर यह व्यवस्था नहीं कर पाता, तो उसे स्थानीय निकाय से विशेष प्रमाणपत्र लेना होगा।

इसके लिए “Extended Bulk Waste Generator Responsibility” यानी EBWGR सर्टिफिकेट की व्यवस्था की गई है, जो यह सुनिश्चित करेगा कि संबंधित संस्थान तय मानकों का पालन कर रहा है या अधिकृत सिस्टम के तहत कचरे का निपटान कर रहा है। दिल्ली में Municipal Corporation of Delhi ने इन नियमों को लागू करना शुरू भी कर दिया है।

MCD ने कई बड़े संस्थानों को नोटिस भेजकर साफ कर दिया है कि अब कचरा प्रबंधन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसमें सरकारी और अर्ध-सरकारी संस्थान, मेट्रो, रेलवे और अन्य बड़े प्रतिष्ठान शामिल हैं, जिन्हें अपने यहां गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग प्रबंधन करना अनिवार्य होगा।

नए नियमों का दायरा पहले से काफी बढ़ा दिया गया है और इन्हें लागू करने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। ऐसे में अब सवाल यह है कि क्या सभी बड़े संस्थान इन सख्त नियमों का पालन करेंगे, या फिर आने वाले दिनों में कचरे को लेकर और बड़ी कार्रवाई देखने को मिलेगी।