स्वतंत्र बोल
रायपुर 25 अक्टूबर 2026: रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित VIP चौक पर तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से स्कूटी सवार मां और उनकी 8 साल की बेटी की मौके पर मौत हो गई। दोनों पचपेड़ी नाका से तेमरी गांव जा रही थीं। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कंटेनर जब्त कर लिया है और चालक की तलाश कर रही है।
पीछे से आए कंटेनर ने मारी टक्कर
मिली जानकारी के मुताबिक, महिला अपनी बेटी के साथ स्कूटी पर सवार होकर पचपेड़ी नाका से तेमरी गांव जा रही थी। VIP चौक के पास पहुंचने पर पीछे से आए कंटेनर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मां-बेटी कंटेनर के नीचे आ गईं और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। हादसे के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कंटेनर जब्त, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलने पर तेलीबांधा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद चालक कंटेनर छोड़कर भाग गया था।
पुलिस ने कंटेनर जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश कर रही है। इसके लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।


