स्वतंत्र बोल
रायपुर 23 सितम्बर 2026। रायपुर रेलवे स्टेशन के शहर साइड में चल रहे निर्माण कार्यों के चलते पार्किंग व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है। आरक्षण केंद्र के पास मौजूद दोपहिया पार्किंग स्थल को एक्सप्रेस-वे के पास स्थानांतरित किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए शहर साइड में एक्सप्रेस-वे के पास दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग उपलब्ध कराई गई है। आरक्षण केंद्र के पास स्थित मौजूदा दोपहिया पार्किंग स्थल को निर्माण कार्य के लिए खाली किया जा रहा है। रेलवे ने यात्रियों से नए निर्धारित पार्किंग स्थल का ही इस्तेमाल करने की अपील की है।
गुढ़ियारी छोर और गेट नंबर-1 पर भी पार्किंग
यात्रियों की सुविधा के लिए गुढ़ियारी छोर पर भी पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है। शहर साइड में गेट नंबर-1 के पास प्रीमियम दरों पर पार्किंग की व्यवस्था भी है। रेलवे ने यात्रियों से स्टेशन परिसर या अन्य अनधिकृत स्थानों पर वाहन खड़ा नहीं करने को कहा है। इससे यातायात व्यवस्था सुचारु रखने में मदद मिलेगी और यात्रियों को परेशानी से बचाया जा सकेगा।
निर्धारित पार्किंग शुल्क ही देना होगा
रायपुर रेलवे स्टेशन पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग शुल्क की दरें लागू हैं। इन निर्धारित दरों में जीएसटी भी शामिल है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें और तय शुल्क के अनुसार ही भुगतान करें। वाहन पार्क करने के बाद प्राप्त रसीद को सुरक्षित रखने को कहा गया है।
परेशानी होने पर 139 पर करें संपर्क
पार्किंग से संबंधित किसी तरह की परेशानी होने पर यात्री 139 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा रेल वन ऐप पर रेल मदद के माध्यम से शिकायत या सहायता ली जा सकती है। संबंधित पार्किंग कर्मी या रेलवे स्टाफ से भी संपर्क किया जा सकता है।रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। रेलवे ने यात्रियों से निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने और स्टेशन पर लगाए गए संकेतकों व दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



