स्वतंत्र बोल
बिलासपुर 13जून 2026। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के रतनपुर स्थित बिकमा तालाब में उस समय हड़कंप मच गया, जब तालाब के बाहर एक गड्ढे में मगरमच्छ के 6 बच्चे दिखाई दिए। सुबह नहाने पहुंचे स्थानीय लोगों ने बच्चों को देखकर तुरंत इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी।
जानकारी मिलते ही रतनपुर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से मगरमच्छ के सभी 6 बच्चों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। इसके बाद उन्हें वन विभाग कार्यालय ले जाया गया और बाद में खूंटाघाट डैम में छोड़ दिया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, बिकमा तालाब में अभी भी तीन बड़े मगरमच्छ मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि एक मादा मगरमच्छ ने तालाब किनारे अंडे दिए थे, जिनसे हाल ही में ये बच्चे निकले हैं। घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
वन विभाग का कहना है कि तालाब और आसपास के क्षेत्र पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। वहीं मगरमच्छ के बच्चों के मिलने की खबर से इलाके में लोगों के बीच कौतूहल का माहौल बना हुआ है।


