स्वतंत्र बोल
रायपुर 17 नवंबर 2026: राजधानी रायपुर में स्वच्छता सर्वेक्षण और स्वच्छता अवार्ड को लेकर सियासत गरमा गई है। शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर और गंदगी की स्थिति को लेकर कांग्रेस पार्षद दल ने नगर निगम के स्वच्छता संबंधी दावों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद दल ने सांकेतिक प्रदर्शन करते हुए स्वच्छता सर्वेक्षण के आयोजनकर्ताओं और सर्वे करने वाले अधिकारियों पर तीखा तंज कसा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने स्वच्छता का दावा करने वाले अधिकारियों का पुष्पहार पहनाकर व्यंग्यात्मक स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने सवाल उठाया कि जब शहर के कई इलाकों में कचरे के ढेर नजर आ रहे हैं, तो रायपुर को स्वच्छता का अवार्ड आखिर किस आधार पर दिया गया? पार्षदों ने तंज कसते हुए पूछा कि क्या सर्वे करने वाले अधिकारियों ने आंखों पर पट्टी बांधकर रायपुर का निरीक्षण किया था? नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि स्वच्छता में नंबर-1 का पुरस्कार लेने के लिए अधिकारी दिल्ली पहुंच गए, लेकिन राजधानी रायपुर में गंदगी और कचरे के ढेर जस के तस बने हुए हैं।
जमीनी हकीकत और प्रशासनिक दावों में अंतर
रायपुर नगर निगम को स्वच्छता रैंकिंग में उपलब्धि मिलने पर इसे शहर के लिए गौरव बताया जा रहा है। महापौर का कहना है कि यह रैंकिंग स्वच्छता कर्मियों के प्रयासों का सम्मान है। दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार लेने के लिए नगरीय प्रशासन मंत्री, विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और महापौर गईं। इसी जमीनी हकीकत को जनता के सामने लाने के लिए नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद दल धरातल पर उतरा। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि रायपुर नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है। लोगों के घरों और मोहल्लों से कचरा नियमित रूप से नहीं उठाया जा रहा है। सड़कों पर कचरे के ढेर लगे हैं और सफाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि महाराज बंध तालाब के पास, जहां खुद उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री जाते हैं, वहीं पर गंदगी का आलम है।
नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के 3 सीधे सवाल
-
क्या रायपुर नगर में रामकी कंपनी घर-घर से कचरा उठाने का कार्य नियमित रूप से कर रही है?
-
क्या स्वीपिंग मशीन अपने काम को ईमानदारी से कर रही है? यदि मशीनें काम करें तो सड़कें धूलमुक्त होनी चाहिए, किंतु धरातल पर ऐसा नहीं है और केवल कागजों में मशीनें चल रही हैं।
-
एसबीएम (SBM) के जिम्मेदार अधिकारी अपनी नाकामियों को क्यों छुपा रहे हैं? क्या यही स्थिति स्वच्छता पुरस्कार लेने की है?
कथनी और करनी में अंतर: आकाश तिवारी
आकाश तिवारी ने कहा कि पूर्व परिषद के कार्यकाल में पूरे भारत में रायपुर की स्वच्छता रैंकिंग चौथे नंबर पर आई थी और इस बार छत्तीसगढ़ में पहला नंबर बताया जा रहा है। दोनों में बहुत फर्क है। आज रायपुर स्वच्छता के मामले में अपनी दुर्दशा स्वयं बयां कर रहा है। शहर के सभी 70 वार्डों में यही स्थिति है। इस प्रदर्शन के दौरान पार्षद संदीप साहू, अर्जुमन ढेबर, जयश्री सत्यनारायण नायक, दीप मनीराम साहू, रेनू जयंत साहू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।


