DPR तैयार, बजट भी तय; आखिर किस अड़चन ने रोक रखा है रायपुर का एलिवेटेड कॉरिडोर?

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 29 नवंबर 2026:
रायपुर की एयरपोर्ट रोड पर पिछले 20 महीनों में 55 सड़क हादसे हुए हैं। इनमें 16 लोगों की मौत हुई और 59 घायल हुए। रोजाना 60 हजार से ज्यादा वाहनों का दबाव झेल रही इस सड़क का विकल्प तैयार करने की योजना तीन साल से अटकी है। टेमरी से माना एयरपोर्ट रोड तक एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने के लिए 156.27 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। इसका DPR भी तैयार है, लेकिन अब तक जमीन अधिग्रहण पूरा नहीं हुआ। निर्माण के लिए टेंडर भी जारी नहीं किया गया है। एयरपोर्ट और नवा रायपुर जाने के लिए यह प्रमुख मार्ग है। फुंडहर चौक तक सड़क फोरलेन है, लेकिन इसके आगे टू लेन हो जाती है। तेज रफ्तार और सड़क की कम चौड़ाई के कारण यहां हादसों का खतरा बना रहता है। वाहनों की बढ़ती संख्या से ट्रैफिक का दबाव भी बढ़ रहा है।

ad

रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक का रास्ता होगा आसान

प्रस्तावित योजना के तहत रेलवे स्टेशन से जगदलपुर रोड को जोड़ने वाली करीब 12 किलोमीटर लंबी एक्सप्रेस-वे का विस्तार किया जाना है। इसके तहत केंद्री, फुंडहर और टेमरी को जोड़ते हुए माना एयरपोर्ट रोड तक एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की योजना है।
फुंडहर से टेमरी तक सड़क 45 मीटर चौड़ी और सिक्सलेन प्रस्तावित है। इससे एयरपोर्ट रोड पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

youtube

तीन साल में घोषणा से आगे नहीं बढ़ा प्रोजेक्ट

इस परियोजना की घोषणा सितंबर 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की थी। वर्ष 2024 में PWD मंत्री अरुण साव ने इसे मंजूरी दी। इसके बाद 2025 में DPR तैयार किया गया और 156.27 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया। लेकिन नवंबर 2026 तक परियोजना निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। जमीन अधिग्रहण पूरा नहीं होने के कारण टेंडर भी जारी नहीं हुआ है।

टेमरी की 2.65 हेक्टेयर जमीन का मामला अटका

नई सड़क के लिए टेमरी में 2.65824 हेक्टेयर जमीन का लैंड यूज बदलने की अधिसूचना जारी की गई थी। इसके लिए खसरा नंबर, जमीन का रकबा और नक्शे से जुड़ी जानकारी कलेक्टर, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग, संभाग आयुक्त और आवास एवं पर्यावरण विभाग को भेजी गई थी। इस पर दावा-आपत्ति भी मांगी गई थी। इसके बावजूद जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो पाई। यही वजह है कि बजट और DPR तैयार होने के बाद भी निर्माण शुरू नहीं हो सका है।

कॉरिडोर बनने से ये होंगे फायदे

ट्रैफिक एक्सपर्ट और टाउन प्लानर मनीष पिल्लेवार के अनुसार, कॉरिडोर बनने से शहर के कई हिस्सों को फायदा होगा। गौरवपथ, गाजियाबाद और नहर रोड पर वाहनों का दबाव घटेगा। रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक का सफर करीब 20 मिनट में पूरा हो सकेगा। फाफाडीह, दुबे कॉलोनी, शंकरनगर और तेलीबांधा में ट्रैफिक का दबाव कम होगा। केंद्री, फुंडहर और टेमरी की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। आंदोलन या अन्य आयोजनों के दौरान आम वाहन चालकों को जाम से राहत मिलेगी।

जमीन अधिग्रहण की जांच कराएंगे: SDM

PWD के अनुसार, जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण टेमरी एलिवेटेड कॉरिडोर का काम शुरू नहीं हो पाया है। परियोजना के लिए 156.27 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है और DPR भी तैयार है। वहीं, रायपुर के SDM नभ सिंह कोसले ने कहा कि जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। इसमें कहां और किस तरह की परेशानी आ रही है, इसकी जांच कराई जाएगी। जो भी दिक्कतें हैं, उन्हें जल्द दूर करने का प्रयास किया जाएगा।