स्वतंत्र बोल
रायपुर 29 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ में वनरक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम अपडेट है। 13 दिसंबर को होने वाली वनरक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा स्थगित कर दी गई है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। हालांकि, परीक्षा की नई तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
नई तारीख का ऐलान नहीं, स्थगित करने की वजह भी स्पष्ट नहीं
कर्मचारी चयन मंडल के आदेश में परीक्षा की नई तारीख का उल्लेख नहीं है। परीक्षा स्थगित करने का स्पष्ट कारण भी सामने नहीं आया है। माना जा रहा है कि प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वनबल प्रमुख की ओर से भेजे गए पत्र के बाद कर्मचारी चयन मंडल ने परीक्षा स्थगित करने का फैसला लिया है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है।
1,484 पदों के लिए 12,762 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
छत्तीसगढ़ वन विभाग में वनरक्षक के कुल 1,484 पदों पर भर्ती होनी है। शारीरिक मापदंड और दक्षता परीक्षा पास करने वाले 12,762 अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में शामिल होना है। इस हिसाब से एक पद के लिए औसतन करीब 9 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला होगा। अब इन सभी अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा की नई तारीख का इंतजार है।


