स्वतंत्र बोल
रायपुर 5 जुन 2026
छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी करने वाले उद्योगों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए रायपुर संभाग में बड़ी कार्रवाई की है। जनवरी 2025 से मई 2026 के बीच मंडल ने 94 प्रदूषणकारी उद्योगों को नोटिस जारी किए, जबकि 82 उद्योगों के उत्पादन बंद कराने अथवा उनके विद्युत कनेक्शन विच्छेदित करने के निर्देश दिए गए।
रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत रायपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, धमतरी, महासमुंद और गरियाबंद जिलों में संचालित उद्योगों का औचक निरीक्षण कर जल एवं वायु प्रदूषण से जुड़े मामलों की जांच की गई। जांच के दौरान पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 96 उद्योगों पर कुल 2 करोड़ 40 लाख 65 हजार 125 रुपए की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई।
मंडल की कार्रवाई केवल औद्योगिक उत्सर्जन तक सीमित नहीं रही। कच्चे माल, उत्पाद और ठोस अपशिष्टों का बिना तारपोलिन ढंके परिवहन करने वाले 136 उद्योगों एवं संस्थानों पर भी 51 लाख 2 हजार 323 रुपए का पर्यावरणीय जुर्माना लगाया गया। वहीं बिना पूर्व अनुमति फ्लाई ऐश के परिवहन और डंपिंग के मामलों में दो उद्योगों पर 12 लाख रुपए की क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई।
सिंगल-यूज प्लास्टिक के खिलाफ भी कड़ा अभियान
राज्य और केंद्र सरकार द्वारा प्रतिबंधित सिंगल-यूज प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, विक्रय और उपयोग के मामलों में भी पर्यावरण मंडल ने सख्ती दिखाई है। जनवरी 2025 से मई 2026 के दौरान एक उद्योग का उत्पादन बंद कराते हुए उस पर 87 हजार 500 रुपए की क्षतिपूर्ति लगाई गई तथा न्यायालय में परिवाद दायर किया गया। एक अन्य उद्योग पर 6 लाख 25 हजार रुपए की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाकर उत्पादन बंद करने की कार्रवाई की गई। इसके अलावा दो अन्य इकाइयों के खिलाफ भी उत्पादन बंद करने के आदेश जारी किए गए।
रायपुर की हवा हुई बेहतर
लगातार निगरानी और प्रवर्तन कार्रवाइयों का असर रायपुर की वायु गुणवत्ता पर भी दिखाई देने लगा है। शहर में वायु गुणवत्ता की निगरानी के लिए 4 Continuous Ambient Air Quality Monitoring Stations (CAAQMS) और 6 National Ambient Air Monitoring Programme (NAMP) स्टेशन संचालित किए जा रहे हैं।
वर्ष 2024 में रायपुर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 65.38 दर्ज किया गया था, जो वर्ष 2025 में घटकर 62.86 रह गया। आंकड़ों के अनुसार शहर की वायु गुणवत्ता में लगभग 4 प्रतिशत सुधार दर्ज किया गया है। यह स्तर संतोषजनक श्रेणी में माना जाता है।


