स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 22 सितम्बर 2026 :पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सोमवार दोपहर दिनदहाड़े पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग मंत्री फजल शकूर खान का अपहरण कर लिया गया। मोटरवे पर जा रहे मंत्री के वाहन को हथियारबंद नकाबपोशों ने जबरन रोका और टायरों पर गोलियां चलाकर उन्हें अगवा कर लिया। इस घटना के बाद पूरे प्रांत में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के अनुसार, हमलावरों ने अपने चेहरे ढक रखे थे और उनके पास अत्याधुनिक हथियार थे। उन्होंने मुख्य सड़क पर मंत्री की गाड़ी को घेर लिया और सीधे टायरों पर फायरिंग की, जिससे वाहन रुक गया। इसके बाद बंदूकधारी फजल शकूर खान को अपने साथ ले गए। अभी तक किसी भी संगठन ने इस अपहरण की जिम्मेदारी नहीं ली है और न ही किसी मांग का खुलासा हुआ है।
पीटीआई विधायक शकील अहमद के अपहरण की भी कोशिश
फजल शकूर खान के अपहरण के अलावा पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के नेता और प्रांतीय विधायक शकील अहमद को भी अगवा करने का प्रयास किया गया। मलाकंद में शकील अहमद को निशाना बनाने की कथित कोशिश के बाद पीटीआई कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने मलाकंद के बट खैला बाईपास को पूरी तरह जाम कर दिया। कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर टायर जलाकर जमकर नारेबाजी की। पीटीआई ने आरोप लगाया है कि खैबर पख्तूनख्वा में उनके प्रांतीय नेतृत्व को योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाया जा रहा है औरß नेताओं को बंदूक की नोक पर उठाने की कोशिशें हो रही हैं।


