धमाका इतना तेज कि जमीन में हो गया गहरा गड्ढा: जानिए कैसे 7 आतंकियों ने कोहट पुलिस लाइन को बनाया निशाना

6aad3dc23692e pakistan kohat blast news 18335342 16x9

स्वतंत्र बोल
पेशावर 18 सितम्बर 2026।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत स्थित कोहट में शुक्रवार (18 सितंबर) को जुमे की नमाज के दौरान पुरानी पुलिस लाइन परिसर को निशाना बनाकर बड़ा आतंकी हमला किया गया। विस्फोटकों से लदी एक गाड़ी के पुलिस लाइन गेट से टकराने और उसके बाद हुई गोलीबारी में 5 पुलिसकर्मियों और 11 नागरिकों समेत कुल 16 लोगों की जान चली गई। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में 7 आतंकी भी मारे गए, जिससे घटना में मरने वालों की कुल संख्या 23 हो गई है। हमले के समय परिसर में मौजूद मस्जिद में लोग नमाज अदा कर रहे थे।

ad

प्रांतीय पुलिस प्रमुख जुल्फिकार हमीद ने बताया कि हमलावर ने सबसे पहले विस्फोटक से भरी गाड़ी को पुरानी पुलिस लाइन परिसर के गेट से टकराया। टक्कर के साथ ही एक भीषण विस्फोट हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पास स्थित मस्जिद की छत गिर गई, उसकी बाहरी दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और जमीन में गहरा गड्ढा बन गया।

youtube

धमाके के बाद परिसर में घुसे 7 हथियारबंद आतंकी

शुरुआती विस्फोट के तुरंत बाद चीख-पुकार के बीच 7 हथियारबंद आतंकी परिसर के भीतर दाखिल हो गए। इसके बाद सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच सीधी मुठभेड़ शुरू हो गई। पुलिस के मुताबिक, आतंकियों के साथ गोलीबारी के दौरान ही स्पेशल ब्रांच की इमारत में एक और आत्मघाती विस्फोट हुआ।

सुरक्षा बलों की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में सातों हमलावर मारे गए। ढेर किए गए आतंकियों में एक आत्मघाती हमलावर और एक स्नाइपर भी शामिल था।

मस्जिद के मलबे में तब्दील होने से नमाजी बने शिकार

जिस वक्त हमला हुआ, उस समय परिसर की मस्जिद में लोग इबादत कर रहे थे। धमाके के कारण मस्जिद की छत ढहने से अधिकांश नमाजी मलबे की चपेट में आ गए। आसपास की कुछ अन्य इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है।

घटना के तुरंत बाद रेस्क्यू 1122 खैबर पख्तूनख्वा की टीम राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंची। रेस्क्यू प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी के अनुसार, मलबे से घायलों और शवों को निकालने का काम तेजी से शुरू किया गया।

अस्पताल में 50 से अधिक घायल भर्ती

जियो न्यूज ने डिस्ट्रिक्ट हेडक्वार्टर अस्पताल के एमएस ताहिर अली शाह के हवाले से बताया कि हादसे के बाद अस्पताल में 15 शव और 50 से अधिक घायल लाए गए। घायलों में अधिकांश लोग नमाज पढ़ने आए आम नागरिक हैं, जिनका इलाज जारी है।