स्वतंत्र बोल
रायपुर 4 नवंबर 2026: देश-प्रदेश की राजनीति में इन दिनों नेताओं द्वारा एक-दूसरे को सार्वजनिक बहस की चुनौती देने का दौर शुरू हो गया है। हाल ही में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी ने विदेशी ताकतों से कनेक्शन और देशद्रोह के आरोपों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक बहस की चुनौती दी थी। राहुल गांधी की इस चुनौती को अभी 24 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे कि छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पलटवार करते हुए राहुल गांधी को नक्सलवाद के मुद्दे पर सार्वजनिक मंच पर खुली बहस की चुनौती दे डाली है।
“किसी भी वक्त और प्लेटफॉर्म पर डिबेट को तैयार”
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने राहुल गांधी को ललकारते हुए कहा कि वे देश में कहीं भी, किसी भी मंच पर और किसी भी वक्त इस डिबेट के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वे सार्वजनिक रूप से यह साबित करेंगे कि कांग्रेस पार्टी के कुछ नेता उन नक्सलियों को अपना हीरो बताते हैं, जिन्होंने झीरम घाटी नरसंहार में कांग्रेस पार्टी के ही वरिष्ठ नेताओं की हत्या की थी। डिप्टी सीएम ने तीखे शब्दों में सवाल उठाते हुए कहा कि क्या राहुल गांधी इस खुली चुनौती को स्वीकार करने का साहस दिखाएंगे?


