ब्रेकिंग न्यूज़: धमाके के बाद सड़क पर बिखरे शरीर के टुकड़े…पटाखा फैक्ट्री में मौत का तांडव…इतना भयानक था विस्फोट कि हिल गईं दीवारें, 15 लोगों की मौत की आशंका से इलाके में दहशत…

स्वतंत्र बोल
देवास, 14 मई 2026:
 मध्यप्रदेश के देवास जिले में एबी रोड स्थित टोंककला की एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के मकानों की दीवारें तक कांप उठीं। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर और सड़क पर जो मंजर दिखाई दिया, उसे देखकर लोगों की रूह कांप गई।

ad

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट के बाद सड़क पर शरीर के टुकड़े और मांस के चिथड़े बिखरे पड़े थे। चारों तरफ चीख-पुकार और भगदड़ का माहौल बन गया। फैक्ट्री में काम कर रहे कई मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जबकि स्थानीय लोगों का दावा है कि इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

youtube

धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है, वहीं मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी है।

हादसे के बाद फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री में खुलेआम बारूद रखकर पटाखे बनाए जा रहे थे और लंबे समय से सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही थी। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन जिम्मेदार विभागों ने कार्रवाई नहीं की।

ग्रामीणों ने फैक्ट्री संचालक अनिल मालवीय पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि फैक्ट्री को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था, जिसके चलते नियमों की अनदेखी के बावजूद संचालन जारी रहा। हादसे के बाद गांव में भारी आक्रोश का माहौल है और लोग जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त फैक्ट्री परिसर में बड़ी मात्रा में बारूद खुले में रखा हुआ था। विस्फोट के बाद आसपास के इलाके में दहशत फैल गई है और लोग सहमे हुए हैं। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।