वर्षों पुराने महानदी विवाद पर खत्म होगा गतिरोध? अमित शाह की अध्यक्षता में दिल्ली में अहम बैठक

Images (1)

स्वतंत्र बोल
रायपुर 1 अक्टूबर 2026 :
छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद के समाधान को लेकर गुरुवार को दिल्ली में अहम बैठक हो रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हो रहे हैं। दिल्ली रवाना होने से पहले साय ने कहा कि दोनों राज्यों ने केंद्रीय जल आयोग (CWC) को लिखित रूप से आश्वस्त किया है कि आयोग का फैसला दोनों राज्यों के व्यापक हित में होगा तो उसे स्वीकार किया जाएगा।

ad

महानदी विवाद पर क्या बोले CM साय?

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे जल विवाद का व्यापक हित में समाधान निकालने के लिए लगातार सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं।

youtube

उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने CWC को लिखित रूप से अपनी सहमति दी है। इसके मुताबिक आयोग की ओर से लिया गया निर्णय दोनों राज्य सरकारों को मान्य होगा।

साय ने भरोसा जताया कि आपसी संवाद, समन्वय और सहयोग की भावना से इस विषय का सकारात्मक समाधान निकलेगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के हितों की रक्षा के साथ पड़ोसी राज्य के साथ सौहार्दपूर्ण समन्वय और सहयोग की भावना से आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

पहले भी हो चुकी है दोनों राज्यों के बीच बैठक

महानदी जल विवाद के समाधान को लेकर केंद्र सरकार के स्तर पर पहले भी पहल हो चुकी है। जुलाई में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के मुख्यमंत्रियों की बैठक हुई थी। इसमें संवाद, तकनीकी सहयोग और आपसी सहमति से समाधान की दिशा में चर्चा हुई थी।

इसके बाद दोनों राज्यों के बीच बातचीत आगे बढ़ी। अब दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में होने वाली बैठक इसी प्रक्रिया का अगला अहम चरण है।

विवाद लंबे समय से लंबित

छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच महानदी के पानी के बंटवारे और इस्तेमाल को लेकर विवाद लंबे समय से चला आ रहा है। यह मामला 2018 से महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण के समक्ष भी है।

हाल के प्रयासों में दोनों राज्यों के बीच बातचीत और तकनीकी स्तर पर चर्चा के जरिए समाधान तलाशने पर जोर दिया जा रहा है। केंद्र सरकार भी दोनों राज्यों के बीच सहमति बनाने की दिशा में पहल कर रही है।

सिंगापुर में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाएं दिखाएंगे CM साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने आगामी सिंगापुर प्रवास को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से आयोजित SING Forum-2026 में छत्तीसगढ़ को सहभागी बनने का अवसर मिला है। साय के मुताबिक इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, उपलब्धियों, औद्योगिक क्षमताओं और निवेश की संभावनाओं को वैश्विक समुदाय के सामने रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगापुर के निवेशकों, उद्यमियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर निवेश और कारोबारी साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।

नई औद्योगिक नीति और रोजगार पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने नई औद्योगिक नीति, प्राकृतिक संसाधन, अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों को निवेश के अवसरों से जोड़ा। उनके मुताबिक अंतरराष्ट्रीय निवेश और तकनीकी साझेदारी से उद्योगों के विस्तार के साथ युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी बनेंगे।

बस्तर की प्रतिभाओं को मंच देने की बात

मुख्यमंत्री ने बस्तर के युवाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में प्रतिभा की कमी नहीं है। युवाओं में आगे बढ़ने की क्षमता और जज्बा है।

साय ने कहा कि जरूरत उन्हें अवसर, संसाधन और अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराने की है।