क्या जेल से बाहर बंदियों को मिल रही थी खास सहूलियत? वायरल वीडियो के बाद बदले सुरक्षा नियम

Image 2026 10 01T200822.355

स्वतंत्र बोल
रायपुर 1 अक्टूबर 2026 :
छत्तीसगढ़ में बंदियों को जेल से अस्पताल, कोर्ट या अन्य प्रशासनिक काम के लिए बाहर ले जाते समय सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। जेल मुख्यालय एवं सुधारात्मक सेवाएं के DG जेल हिमांशु गुप्ता ने 1 अक्टूबर 2026 को सभी जेल अधीक्षकों को निर्देश जारी किए हैं। अब ऐसे मामलों में सुरक्षा स्टाफ के साथ उपलब्धतानुसार सहायक जेल अधीक्षक या वरिष्ठ रैंक के अधिकारी को भी भेजना अनिवार्य होगा। सुरक्षा ड्यूटी में तैनात जेलकर्मियों को बॉडी-वॉर्न कैमरा भी पहनना होगा।

ad

अस्पताल या कोर्ट जाते समय साथ रहेगा वरिष्ठ अधिकारी

नए निर्देश विचाराधीन, दंडित और अन्य बंदियों पर लागू होंगे। प्रशासनिक, न्यायालयीन, चिकित्सा या अन्य कारणों से किसी बंदी को जेल से बाहर ले जाने पर सुरक्षा स्टाफ के साथ सहायक जेल अधीक्षक या वरिष्ठ रैंक के अधिकारी को उपलब्धता के अनुसार भेजना होगा। इसके साथ सुरक्षा ड्यूटी में तैनात जेलकर्मियों को बॉडी-वॉर्न कैमरा पहनने के निर्देश दिए गए हैं। इससे बंदी को जेल से बाहर ले जाने के दौरान सुरक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों की गतिविधियों की रिकॉर्डिंग की जा सकेगी।

youtube

पुलिस सुरक्षा वाले मामलों में भी समन्वय

जिन मामलों में किसी बंदी को पुलिस सुरक्षा के साथ जेल से बाहर ले जाया जाता है, उनमें जेल अधीक्षक संबंधित जिला पुलिस अधीक्षक से समन्वय करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्णय इसी समन्वय के आधार पर लिया जाएगा। आदेश जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के महानिरीक्षक हिमांशु गुप्ता की ओर से 1 अक्टूबर को जारी किया गया है। इसकी प्रतिलिपि पुलिस महानिदेशक, छत्तीसगढ़ को भी सूचनार्थ भेजी गई है।

टामन सोनवानी के वीडियो के बाद सख्ती

यह आदेश केंद्रीय जेल रायपुर में बंद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के पूर्व चेयरमैन टामन सोनवानी को अस्पताल में कथित VIP सुविधा दिए जाने का वीडियो सामने आने के बाद आया है। वीडियो में सोनवानी अस्पताल में परिजनों के साथ बिना हथकड़ी बातचीत करते नजर आए थे। मामले के बाद उनकी निगरानी में तैनात जेल प्रहरियों पर कार्रवाई की गई। अब जेल मुख्यालय ने बंदियों को जेल से बाहर ले जाने की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं। इनमें वरिष्ठ अधिकारी की मौजूदगी और सुरक्षा स्टाफ के लिए बॉडी-वॉर्न कैमरा शामिल है।

WhatsApp Image 2026 10 01 at 7.00.44 PM