सड़क पर बिखर गई जिंदगी… तेज रफ्तार ट्रक ने डिलीवरी बॉय को कुचला, हेलमेट भी नहीं बचा सका जान


स्वतंत्र बोल
बलरामपुर , 01 मई 2026:
बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने एक डिलीवरी बॉय की जान ले ली। यह हादसा अंबेडकर चौक के पास हुआ, जहां विपरीत दिशा से आ रही ट्रक ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयावह थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि मृतक युवक ने हेलमेट पहन रखा था, इसके बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। टक्कर की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि सिर पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान विकास देवांगन के रूप में हुई है, जो चलगली क्षेत्र के बड़का गांव का निवासी था और वाड्रफनगर में रहकर एक डिलीवरी कंपनी में काम करता था। बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह सामान की डिलीवरी देने वाड्रफनगर से महेवा की ओर जा रहा था, तभी अंबेडकर चौक के पास यह हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद ट्रक चालक युवक को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों को उजागर कर दिया है, जिसने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और इलाके में शोक का माहौल छोड़ दिया है।