स्वतंत्र बोल
जांजगीर-चांपा 13 सितंबर 2026। जिले के देवरी पिकनिक स्पॉट पर हसदेव नदी के तेज बहाव में बहे तीनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम ने रविवार सुबह दो और शव नदी से बाहर निकाले। इससे पहले शनिवार को एक युवक का शव बरामद हुआ था। तीनों शवों को बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
घटना बलौदा थाना क्षेत्र की है। बिलासपुर के चौकसे कॉलेज में बी फार्मा फर्स्ट ईयर में पढ़ने वाले चार छात्र और चार छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने देवरी गांव आए थे। इसी दौरान पवन लाल, सचिन सिंह और मुरारी साहू नदी किनारे सेल्फी लेने के लिए खड़े हुए थे।
एक को बचाने उतरे दो दोस्त भी बह गए
नदी किनारे सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया। वह तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के लिए उसके दो दोस्त भी नदी में उतर गए। तेज बहाव के कारण तीनों युवक नदी में बह गए। घटना की सूचना मिलने पर बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
रविवार सुबह मिले दो शव
रेस्क्यू अभियान के दौरान शनिवार को पवन का शव बरामद कर लिया गया था। इसके बाद रविवार सुबह एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम ने सचिन सिंह और मुरारी साहू के शव भी नदी से बाहर निकाल लिए। जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर निवासी सचिन सिंह का शव सुबह करीब 6:15 बजे बरामद हुआ। इसके बाद मुरारी साहू का शव करीब 7 बजे मिला। मुरारी साहू का शव घटनास्थल पर पत्थरों के बीच बनी खोह में फंसा हुआ था। एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव
तीनों शवों को बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद प्रशासन देवरी पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा को लेकर सख्ती करने की तैयारी में है।


