गांव में ही पलभर में बन गया बड़ा सहारा… सविता की आंखों में आ गए खुशी के आंसू

स्वतंत्र बोल
रायपुर, 08 मई 2026: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ जिले के खड़गवां विकासखंड के ग्राम मझौली में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर उस समय खास बन गया जब एक ग्रामीण महिला सविता को मौके पर ही आयुष्मान कार्ड मिल गया। वर्षों से जिस सुविधा के लिए लोग दफ्तरों के चक्कर लगाते थे, वह काम यहां कुछ ही पलों में पूरा हो गया।

ad

“सुशासन तिहार 2026” के तहत लगाए गए इस शिविर में विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का तत्काल समाधान भी किया। इसी दौरान सविता का आयुष्मान कार्ड तैयार कर उन्हें मौके पर ही सौंप दिया गया।

youtube

खास बात यह रही कि यह कार्ड स्वयं स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने हाथों से सविता को दिया। जैसे ही कार्ड उनके हाथ में आया, सविता की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा राज्य शासन के प्रति आभार जताया।

सविता ने बताया कि पहले छोटे-छोटे कामों के लिए कई-कई बार दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब गांव में ही शिविर लगने से सभी समस्याओं का तुरंत समाधान हो रहा है। उन्होंने इस पहल को ग्रामीणों के लिए बेहद राहत देने वाली व्यवस्था बताया।

शिविर में मौजूद स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि शासन की योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर आवेदन को गंभीरता से लेते हुए समय पर और पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाए।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अलग-अलग विभागों की योजनाओं की जानकारी लेकर लाभ उठाया। प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, जिससे लोगों को बिना किसी परेशानी के सुविधाएं मिल सकीं।