834 शिकायतें, 246 का तुरंत समाधान… शिविर में ऐसा हुआ काम कि गांववालों ने कहा “पहली बार ऐसा देखा”

स्वतंत्र बोल
रायपुर, 08 मई 2026: बेमेतरा जिले के ग्राम पंचायत मोहतरा में आयोजित समाधान शिविर उस समय सुर्खियों में आ गया जब एक ही दिन में सैकड़ों आवेदन सामने आए और बड़ी संख्या में मामलों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। “सुशासन तिहार 2026” के तहत आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान देखने को मिला, जिसे लोगों ने सराहनीय पहल बताया।

ad

हाई स्कूल मैदान मोहतरा में आयोजित इस शिविर में कुल 834 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 814 मांग संबंधी और 20 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल थे। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए 246 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया, जिनमें 242 मांग और 4 शिकायतों का निराकरण शामिल रहा। बाकी 588 आवेदन प्रक्रियाधीन रखे गए हैं।

youtube

कार्यक्रम में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने शिविर में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

शिविर शुरू होने से पहले मंत्री ने राम जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग ने गोद भराई और अन्नप्राशन जैसे कार्यक्रम आयोजित कर सामाजिक संदेश दिया।

मंत्री श्री बघेल ने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए नागरिकों को जागरूक होना जरूरी है और अपनी समस्याएं लिखित रूप में प्रशासन तक पहुंचानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य है कि प्रशासन सीधे जनता के द्वार तक पहुंचे और लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी आवेदन को लंबित न रखा जाए और हर समस्या का समाधान संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ किया जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

शिविर में ग्रामीणों ने राशन कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली, पेयजल, नामांतरण, सीमांकन और कृषि से जुड़ी समस्याएं रखीं। मौके पर ही कई मामलों का समाधान होने से लोगों में संतोष और उत्साह देखा गया।

इस अवसर पर मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, जॉब कार्ड, राशन कार्ड, स्वामित्व कार्ड, प्रतिभा सम्मान प्रमाण पत्र और अन्य योजनाओं के लाभ भी हितग्राहियों को वितरित किए। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के शिविरों से वास्तविक बदलाव महसूस हो रहा है और पहली बार समस्याओं का समाधान इतनी तेजी से होता दिख रहा है।