पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाया गया हरेली तिहार, डिप्टी CM साव गेड़ी चढ़कर नाचते दिखे….

स्वतंत्र बोल
रायपुर 24 जुलाई 2025: पूरे छत्तीसगढ़ में हरेली तिहार धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निवास परिसर में अत्यंत हर्षाेल्लास और गरिमा के साथ हरेली तिहार मनाया गया। इस अवसर पर राज्य की समृद्ध विरासत, पारंपरिक कृषि यंत्रों, लोक परिधानों, खानपान और आधुनिक कृषि तकनीकों का समन्वय एक अद्भुत नजारे के रूप में सामने आया। कार्यक्रम स्थल को पारंपरिक छत्तीसगढ़ी रंग-रूप में सजाया गया था, जहां ग्रामीण परिधान पहने अतिथि, कलाकार और आमजन लोक संस्कृति में रमे हुए नजर आए।

हरेली उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री निवास में परम्परागत और आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री साय ने प्रदर्शनी स्थल का भ्रमण कर विभिन्न पारंपरिक यंत्रों और वस्तुओं का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में काठा, खुमरी, झांपी, कांसी की डोरी और तुतारी जैसे ऐतिहासिक कृषि उपकरणों को प्रदर्शित किया गया। कृषि विभाग द्वारा आयोजित आधुनिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी, जिसमें नांगर, कुदाली, फावड़ा, रोटावेटर, बीज ड्रिल, पावर टिलर और स्प्रेयर जैसे यंत्रों का प्रदर्शन किया गया।

विधानसभा स्पीकर रमन सिंह ने CM हाउस में मनाया हरेली तिहार

आज हरेली तिहार के मौके पर विधानसभा स्पीकर डॉक्टर रमन सिंह ने भी पर्व को बड़े धूमधाम से मनाया और साथ में नंदी की पूजा भी की और गौरी-गणेश, नवग्रह पूजन एवं भगवान भोलेनाथ के अभिषेक में शामिल हुए।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव गेड़ी चढ़ नाचते दिखे

हरेली तिहार के मौके पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव CM आवास में शामिल होकर हरेली तिहार को बड़े धूमधाम से मनाया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री गेड़ी चढ़कर नाचते हुए दिखे।

भूपेश बघेल ने शासकीय आवास में मनाया हरेली तिहार

हरेली तिहार को CM आवास में मनाने की परम्परा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुरू की थी। जिसके बाद से ही छत्तीसगढ़ के पहले त्यौहार हरेली को बड़े ही धूमधाम से मनाने की परम्परा शुरू हुई। आज अपने शासकीय आवास में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हरेली तिहार मनाया। इस खास मौके पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूर्व CM गेड़ी चढ़ते हुए दिखे।