स्वतंत्र बोल
धर्म डेस्क 24 नवंबर 2026: गुरु नानक देव जी अपनी रोज की दिनचर्या के अनुसार नदी में स्नान करने गए, लेकिन तीन दिन तक वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला। तीन दिन बाद जब वे लौटे, तो उन्होंने कहा- ‘न कोई हिंदू है, न कोई मुसलमान।’ सिख परंपरा में इस घटना को उनके दिव्य अनुभव से जोड़कर देखा जाता है। इस अनुभव के बाद उन्होंने अपना जीवन ईश्वर की एकता, प्रेम, समानता और इंसानियत का संदेश फैलाने के लिए समर्पित कर दिया। गुरु नानक देव जी सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु थे। उनकी शिक्षाएं आज भी करोड़ों लोगों को सही रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने बताया कि ईश्वर एक है और उसकी नजर में सभी इंसान बराबर हैं। जाति, धर्म और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर इंसानियत को सबसे बड़ा धर्म मानने की सीख दी।
नदी में स्नान करने गए, तीन दिन तक नहीं मिले
सिख परंपरा और जनमसाखियों में वर्णित मान्यताओं के अनुसार, यह घटना पंजाब के सुल्तानपुर लोधी की है। गुरु नानक देव जी रोज काली बेईं नदी में स्नान करने जाया करते थे। एक दिन भी वे अपने साथी के साथ नदी में स्नान करने पहुंचे। बताया जाता है कि वे नदी में उतरे, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी बाहर नहीं आए। जब लोगों ने नदी किनारे उनके कपड़े देखे और उनका कोई पता नहीं चला, तो उनके डूबने की आशंका होने लगी। आसपास के लोगों ने काफी तलाश की, लेकिन वे कहीं नहीं मिले। धीरे-धीरे यह खबर फैल गई कि गुरु नानक देव जी नदी में डूब गए हैं।
तीन दिन बाद लौटे तो बताया दिव्य अनुभव
सिख परंपरा के अनुसार, गुरु नानक देव जी नदी में डूबे नहीं थे, बल्कि उन तीन दिनों के दौरान गहरे आध्यात्मिक अनुभव और ईश्वर से दिव्य संवाद में लीन थे। मान्यता है कि इन दिनों में उनका परम सत्ता से साक्षात्कार हुआ। उन्हें ईश्वर की एकता, इंसानियत और सच्चाई का संदेश दुनिया तक पहुंचाने का दायित्व मिला। तीन दिन बाद जब गुरु नानक देव जी वापस लौटे, तो उनके विचारों और जीवन का उद्देश्य एक नई दिशा ले चुका था। परंपरागत कथाओं के मुताबिक, इस दिव्य अनुभव के बाद उन्होंने सबसे पहले कहा, ‘न कोई हिंदू है, न कोई मुसलमान।’
‘न कोई हिंदू, न कोई मुसलमान’ का क्या अर्थ था?
गुरु नानक देव जी के इस संदेश का मतलब किसी धर्म का विरोध करना नहीं था। वे समझाना चाहते थे कि परमात्मा एक है और उसकी नजर में सभी मनुष्य समान हैं। इंसान की पहचान उसके धर्म, जाति या बाहरी पहनावे से नहीं, बल्कि उसके कर्मों और आचरण से होनी चाहिए। उनकी सीख के अनुसार, ईश्वर तक पहुंचने का रास्ता सच्चाई, प्रेम और अच्छे कर्मों से होकर गुजरता है। किसी भी इंसान के साथ धर्म या जाति के आधार पर भेदभाव करना सही नहीं है।
इस घटना के बाद शुरू हुईं गुरु नानक देव जी की उदासियां
इस दिव्य अनुभव के बाद गुरु नानक देव जी ने अपना जीवन लोगों तक ईश्वर की एकता और इंसानियत का संदेश पहुंचाने के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने देश-विदेश की लंबी यात्राएं कीं, जिन्हें सिख परंपरा में उदासियां कहा जाता है। इन यात्राओं के दौरान उन्होंने अलग-अलग धर्मों और समुदायों के लोगों से संवाद किया। उन्हें प्रेम, समानता, सेवा और भाईचारे का रास्ता दिखाया।
गुरु नानक देव जी की 3 प्रमुख शिक्षाएं
- नाम जपना: ईश्वर का स्मरण करना और उसके प्रति विश्वास रखना।
- किरत करना: ईमानदारी से मेहनत करके जीवन चलाना।
- वंड छकना: अपनी कमाई और भोजन दूसरों के साथ बांटना।
गुरु नानक देव जी की ये शिक्षाएं आज भी सिख धर्म के साथ-साथ पूरी मानवता के लिए प्रेरणा बनी हुई हैं।
24 नवंबर को मनाई जाएगी गुरु नानक जयंती
हर साल कार्तिक मास की पूर्णिमा को गुरु नानक देव जी की जयंती गुरु नानक जयंती, गुरुपर्व या प्रकाश पर्व के रूप में मनाई जाती है। साल 2026 में यह पर्व 24 नवंबर, मंगलवार को मनाया जाएगा। इस खास मौके पर गुरुद्वारों में अखंड पाठ, कीर्तन, प्रभात फेरी और नगर कीर्तन का आयोजन होता है। जगह-जगह लंगर लगाकर लोगों को सेवा, समानता और भाईचारे का संदेश दिया जाता है।


