स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 16 सितंबर 2026। स्टेट जीएसटी टीम ने टैक्स चोरी और ई-वे बिल में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद बिलासपुर और मुंगेली के छह कारोबारियों के ठिकानों पर सघन जांच कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के तहत मुंगेली के तीन होटलों और बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित गुटखा, ड्राई फ्रूट्स तथा तेल व्यापारियों के प्रतिष्ठानों की जांच की गई। मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंगेली स्थित पड़ाव चौक के बावा होटल पर 60 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने के साथ ही नियमानुसार टैक्स संबंधी कार्रवाई की गई है।
टैक्स चोरी और बोगस बिलिंग पर सख्त कदम
अधिकारियों के अनुसार, राज्यभर में स्टेट जीएसटी और सेंट्रल जीएसटी विभाग द्वारा टैक्स चोरी, बोगस बिलिंग और ई-वे बिल में गड़बड़ी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में विभाग को मुंगेली के कुछ होटलों और रेस्टोरेंट में कच्चे बिल काटकर टैक्स बचाने की शिकायतें मिली थीं। इन शिकायतों के सत्यापन के बाद जीएसटी अधिकारियों की टीमों ने संबंधित ठिकानों पर दबिश दी।
मुंगेली के इन प्रमुख ठिकानों पर हुई जांच
कार्रवाई के दौरान मुंगेली के बलानी चौक स्थित मोनिका ज्वैलर्स और पड़ाव चौक स्थित दिनेश ज्वैलर्स में जांच की गई। इसके अलावा धरमपुरा मेन रोड स्थित नुक्कड़ ढाबे पर भी जीएसटी टीम ने पहुंचकर दस्तावेजों की पड़ताल की।
नुक्कड़ ढाबे और बावा होटल पर जुर्माना
जांच में कच्चे बिल जारी करने से जुड़े मामले सामने आने पर धरमपुरा मेन रोड स्थित नुक्कड़ ढाबे पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, सबसे बड़ी कार्रवाई पड़ाव चौक स्थित वैष्णव मिष्ठान भंडार (बावा होटल) पर हुई। जीएसटी विभाग ने बावा होटल पर 60 लाख रुपये की पेनाल्टी ठोकने के साथ ही टैक्स वसूली की आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


