जापान में लहराया तिरंगा, अब मुख्यमंत्री से मिले छत्तीसगढ़ के युवा स्टार! एशिया कप विजेता अवि मानिकपुरी का हुआ सम्मान

स्वतंत्र बोल
रायपुर, 14 जून 2026 : छत्तीसगढ़ के युवा हॉकी खिलाड़ी अवि मानिकपुरी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का दम दिखाकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। अंडर-18 एशिया कप में भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत के अहम सदस्य रहे अवि मानिकपुरी ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे।

ad

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अवि मानिकपुरी को अंडर-18 एशिया कप में भारत की शानदार जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ी अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।

youtube

मुख्यमंत्री ने कहा कि अवि मानिकपुरी की उपलब्धि प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि जब प्रतिभा को अवसर और सही मार्गदर्शन मिलता है, तो छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी विश्व स्तर पर भी अपनी छाप छोड़ सकते हैं।

मुख्यमंत्री साय ने अवि को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे इसी समर्पण और लगन के साथ आगे बढ़ते रहें तथा आने वाले वर्षों में भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दें।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खेल अधोसंरचना के विकास, आधुनिक संसाधनों और प्रशिक्षण सुविधाओं के माध्यम से प्रदेश की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि बिलासपुर निवासी अवि मानिकपुरी भारत के उभरते हुए हॉकी सितारों में गिने जा रहे हैं। हाल ही में जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप प्रतियोगिता में उन्होंने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जिसमें अवि की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, महासचिव डॉ. मनीष श्रीवास्तव तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे भी उपस्थित रहे।

अवि मानिकपुरी की यह उपलब्धि न केवल बिलासपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय बन गई है। अब प्रदेश के खेल प्रेमियों की नजर इस युवा खिलाड़ी के अगले बड़े लक्ष्य पर टिकी हुई है।