बंद कमरे की बैठक के बाद बढ़ी चर्चा, कई पुराने चेहरों की छुट्टी और नए नेताओं की एंट्री की अटकलें तेज

स्वतंत्र बोल
रायपुर, 13 मई 2026:
छत्तीसगढ़ भाजपा की राजनीति में जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रदेश भाजपा की अहम बैठक के बाद ऐसे संकेत मिले हैं, जिसने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। चर्चा है कि पार्टी अब अपने सबसे ताकतवर माने जाने वाले कोर ग्रुप में बड़ा फेरबदल करने की तैयारी में है।

ad

प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव सिंह ने की। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक खत्म होने के बाद नेताओं के बयान ने राजनीतिक अटकलों को और हवा दे दी।

youtube

भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा कार्यसमिति के गठन के बाद कल पहली कार्यसमिति बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने के लिए आने वाले दिनों में कई कार्यक्रम और बैठकों की रणनीति तैयार की गई है।

लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उस बयान की हो रही है, जिसमें भाजपा कोर ग्रुप में बदलाव के संकेत मिले हैं। सूत्रों की मानें तो पार्टी संगठन कुछ नए चेहरों को बड़ी जिम्मेदारी दे सकता है, जबकि कुछ पुराने नेताओं की भूमिका सीमित हो सकती है। हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी किसी नाम का खुलासा नहीं किया गया है।

यशवंत जैन ने भी कोर ग्रुप में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि समय-समय पर भाजपा कोर ग्रुप में बदलाव होते रहते हैं और आगामी बैठक के बाद नए नाम सामने आ सकते हैं।

अब सबकी नजर आगामी कोर ग्रुप बैठक पर टिकी है, क्योंकि माना जा रहा है कि इसी बैठक के बाद प्रदेश भाजपा की अंदरूनी रणनीति और भविष्य की नई टीम की तस्वीर साफ हो सकती है। वहीं राजनीतिक विश्लेषक इसे आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक संतुलन से जोड़कर भी देख रहे हैं।