दौड़ती मालगाड़ी से उठीं आग की लपटें… बिलासपुर के पास मचा हड़कंप

स्वतंत्र बोल
बिलासपुर,14 मई 2026:
  जिले में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बिलासपुर की ओर आ रही कोयले से भरी एक मालगाड़ी के वैगन में अचानक आग लग गई। दौड़ती ट्रेन से धुआं और आग की लपटें उठती देख रेलवे कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। घटना गतौरा रेलवे स्टेशन के पास की बताई जा रही है।

ad

जानकारी के मुताबिक मालगाड़ी बिलासपुर की ओर बढ़ रही थी, तभी अचानक एक वैगन से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। स्थिति गंभीर होते देख रेलवे अधिकारियों ने तत्काल ट्रेन को गतौरा स्टेशन के पास रुकवा दिया।

youtube

आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और दमकल विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी देर तक रेलवे ट्रैक के पास धुआं और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि भीषण गर्मी के कारण कोयले में आग लगी होगी। हालांकि रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और आग लगने के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है।

घटना के चलते कुछ समय तक रेल परिचालन भी प्रभावित रहा। कई ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। रेलवे और दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी हुई है।