स्वतंत्र बोल
रायपुर 11 नवंबर 2026: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय समारोह होगा। वहीं, 11 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान स्कूलों और कॉलेजों में निबंध, भाषण, चित्रकला, प्रश्नोत्तरी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आदिम जाति विकास विभाग के सचिव की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक, 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में होने वाले समारोह में अलग-अलग विभागों के प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों और जनजातीय हितग्राहियों के लिए चलाई जा रही गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, वन, ऊर्जा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और उद्योग एवं रोजगार विभाग सहित संबंधित विभाग अपने स्टॉल लगाएंगे।
स्कूल-कॉलेजों में होंगी प्रतियोगिताएं
जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेश के सरकारी, निजी, अनुदान प्राप्त और अशासकीय स्कूलों व कॉलेजों में विशेष कार्यक्रम होंगे। शिक्षण संस्थानों को जनजातीय महापुरुषों, स्वतंत्रता सेनानियों, इतिहास, लोकसंस्कृति और परंपरागत ज्ञान पर आधारित गतिविधियां कराने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें निबंध लेखन, भाषण, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल हैं। माध्यमिक स्तर और उससे ऊपर के विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। विद्यार्थियों को जनजातीय समाज की जीवनशैली, प्रकृति के साथ उसके संबंध, सामुदायिक परंपराओं, लोककला और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान से परिचित कराने का भी लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जनजातीय इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़ा साहित्य जुटाने और वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिरसा मुंडा के साथ छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों को भी किया जाएगा याद
जनजातीय गौरव दिवस का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के योगदान और उसके नायकों के संघर्ष को सामने लाना है। भगवान बिरसा मुंडा के अलावा छत्तीसगढ़ के शहीद वीर नारायण सिंह और वीर गुंडाधुर जैसे जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को भी याद किया जाएगा। राज्य सरकार का कहना है कि जनजातीय इतिहास, संस्कृति और परंपरागत ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है। जनजातीय नायकों के संघर्ष, त्याग और राष्ट्रप्रेम से लोगों को परिचित कराना भी इसका उद्देश्य है।
बस्तर से सरगुजा तक की संस्कृति पर होंगे कार्यक्रम
जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और परंपराओं को भी सामने लाया जाएगा। प्रदेश की जनजातीय विरासत में लोकनृत्य, लोकगीत, हस्तशिल्प, पारंपरिक ज्ञान और प्रकृति संरक्षण से जुड़ी जीवनशैली शामिल है। बस्तर से सरगुजा तक फैली सांस्कृतिक विविधता के संरक्षण और नई पीढ़ी तक उसे पहुंचाने पर जोर रहेगा।
विभागों को प्रचार और रिपोर्टिंग के निर्देश
राज्य शासन ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से आयोजन की तैयारी करने को कहा है। विभागीय स्टॉलों में योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आकर्षक तरीके से प्रस्तुत की जाएगी। शिक्षण संस्थानों में होने वाली गतिविधियों का सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके साथ ही कार्यक्रमों के प्रतिवेदन और छायाचित्र उपलब्ध कराने को कहा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनजातीय विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की पहल के अनुरूप मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार यह आयोजन कर रही है। सरकार का उद्देश्य जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान, सांस्कृतिक विरासत और परंपरागत ज्ञान को सम्मान देना है।


