स्वतंत्र बोल
रायपुर 17 अगस्त 2026 E20 पेट्रोल को लेकर वाहन मालिकों और उपभोक्ताओं की चिंताओं के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) छत्तीसगढ़ ने आज रायपुर में स्टेट लेवल टाउन हॉल आयोजित किया। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने वाहन मालिकों, मैकेनिकों और ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़े लोगों से सीधे बातचीत की और E20 पेट्रोल के इस्तेमाल को लेकर सामने आ रही शिकायतों पर चर्चा की।
AAP ने बताया कि यह कार्यक्रम देशभर में चलाए जा रहे E20 विरोधी अभियान का हिस्सा है। टाउन हॉल में खासतौर पर वाहनों के माइलेज, परफॉर्मेंस और इंजन से जुड़ी शिकायतों पर उपभोक्ताओं की राय ली गई।
कार्यक्रम में वाहन मालिकों और मैकेनिकों ने E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। चर्चा के दौरान माइलेज में कमी, वाहन की परफॉर्मेंस पर असर और इंजन से जुड़ी संभावित समस्याओं जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
AAP नेताओं ने कहा कि E20 पेट्रोल को लेकर देशभर में बहस चल रही है। पार्टी ने कुछ रिपोर्टों का हवाला देते हुए ईंधन में क्लोराइड और नमी जैसी समस्याओं को लेकर भी चिंता जताई। हालांकि, सरकारी तेल कंपनियां E20 पेट्रोल को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप बताती रही हैं।
AAP ने मांग की कि उपभोक्ताओं की शिकायतों को नजरअंदाज करने के बजाय पूरे मामले की स्वतंत्र और वैज्ञानिक जांच कराई जानी चाहिए।
टाउन हॉल कार्यक्रम से पहले भाठागांव बस स्टैंड के पास राधा स्वामी नगर, प्रोफेसर कॉलोनी में AAP के नए प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन किया गया।
पार्टी ने कहा कि टाउन हॉल का उद्देश्य E20 पेट्रोल को लेकर वाहन मालिकों, मैकेनिकों और आम लोगों की समस्याओं और अनुभवों को सीधे सामने लाना है। कार्यक्रम में ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़े लोगों और आम नागरिकों ने भी अपनी चिंताएं रखीं।


