स्वतंत्र बोल
रायपुर 19 जून 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़ और जशपुर जिले के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। धार्मिक और जनजातीय गौरव से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होने जा रहे मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर दोनों जिलों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे रायपुर से रवाना होकर दोपहर 12:30 बजे रायगढ़ पहुंचेंगे। यहां वे शिव मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होंगे और धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:30 बजे रायगढ़ से जशपुर के लिए रवाना होंगे।
जशपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दोपहर 2:30 बजे धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। आदिवासी समाज और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को विशेष महत्व दिया जा रहा है। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री अपने गृह ग्राम बगिया पहुंचेंगे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे।
इधर मुख्यमंत्री के दौरे के साथ ही राज्य सरकार की आगामी कैबिनेट बैठक को लेकर भी राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 23 जून को सुबह 11:30 बजे नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार बैठक में मानसून की देरी को देखते हुए खरीफ सीजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। धान सहित अन्य फसलों की बुआई की स्थिति, किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था पर विशेष चर्चा होने की संभावना है।
इसके अलावा 13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र की तैयारियों पर भी मंत्रिमंडल मंथन करेगा। बैठक में अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े प्रस्तावों और संशोधित नियमों को मंजूरी मिल सकती है। वहीं लंबे समय से चर्चा में रही नई स्थानांतरण नीति पर भी फैसला होने के संकेत मिल रहे हैं, जिसके तहत शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के थोक तबादलों का रास्ता साफ हो सकता है।
ऐसे में मुख्यमंत्री का आज का दौरा और आगामी कैबिनेट बैठक दोनों ही प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।


