स्वतंत्र बोल
मुंगेली 26 सितम्बर 2026 : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को मुंगेली जिले के मदकू पहुंचे। यहां उन्होंने 68 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपए से अधिक की लागत वाले 21 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में उनसे बिलासपुर-जबलपुर NH-130 की बदहाल सड़क और छत्तीसगढ़ सरकार के शासकीय विमान खरीदने को लेकर सवाल किया गया।
NH-130 की खराब सड़क पर क्या बोले CM साय
बिलासपुर-जबलपुर NH-130 के मुंगेली जिले से गुजरने वाले हिस्से की खराब स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि अभी बरसात का मौसम है। इसी वजह से सड़क की स्थिति ऐसी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात का मौसम खत्म होने के बाद सड़क की मरम्मत कराई जाएगी।
सरकारी विमान खरीदने पर CM ने क्या कहा?
मीडिया ने मुख्यमंत्री से पूछा कि क्या मध्यप्रदेश सरकार की तरह छत्तीसगढ़ सरकार भी शासकीय विमान खरीदने की तैयारी कर रही है।
इस पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विमान खरीदने के बाद उसके रखरखाव पर भी काफी खर्च आता है। वहीं किराए पर विमान लेने की स्थिति में विमान के रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित कंपनी की रहती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किराए पर विमान लेने में उतना ज्यादा खर्च नहीं आता। इसके विपरीत विमान खरीदने पर उसके रखरखाव समेत अन्य खर्च सरकार को ही वहन करने पड़ेंगे।
फिलहाल मुख्यमंत्री के बयान में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शासकीय विमान खरीदने के फैसले की जानकारी नहीं दी गई।


