स्वतंत्र बोल
रायपुर 5 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का दौर तेजी से जारी है। राज्य के कई हिस्सों से मानसून पहले ही विदा हो चुका है, जबकि बाकी बचे इलाकों से भी अगले 2 से 3 दिनों में इसकी वापसी के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बन गई हैं। इस बीच प्रदेश में कोई मजबूत मौसमी सिस्टम सक्रिय न होने के कारण मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है, जिससे दिन के समय तेज धूप लोगों को बेहाल कर रही है, हालांकि मौसम विज्ञानियों ने आने वाले दिनों में रात के वक्त ठंडक बढ़ने के संकेत दिए हैं।
रायपुर में साफ रहेगा आसमान, तापमान 35 डिग्री संभव
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना जताई गई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिन में तेज धूप के कारण हल्की गर्मी महसूस होगी, जबकि रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जाएगी।
राजनांदगांव सबसे गर्म, अंबिकापुर में दर्ज हुई सबसे ठंडी रात
पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान राजनांदगांव में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं मैदानी इलाकों की तुलना में उत्तरी छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम रहा। राज्य में फिलहाल किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
इन इलाकों से अगले 2-3 दिनों में विदा होगा मानसून
मौसम केंद्र के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों में महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ के अधिकांश हिस्सों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के कुछ और इलाकों से मानसून की पूरी तरह विदाई हो जाएगी। वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा बिहार के सुपौल, झारखंड के रांची, छत्तीसगढ़ के रायपुर, महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई से होकर गुजर रही है। इसके साथ ही एक द्रोणिका (ट्रफ) पूर्वी मध्य प्रदेश से होते हुए दक्षिण बिहार से विदर्भ तक फैली हुई है।


