स्वतंत्र बोल
रायपुर 24 सितम्बर 2026 : छत्तीसगढ़ में गहरे अवदाब के रूप में आगे बढ़ रहे मौसमी सिस्टम का असर दिखने लगा है। बुधवार को रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदला रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और बादल छाए रह सकते हैं। बस्तर संभाग में भारी से अतिभारी बारिश के आसार हैं।
रायपुर में दोपहर बाद हुई तेज बारिश
बुधवार सुबह रायपुर में हल्के बादल छाए रहे। दोपहर तक आसमान में काले बादल घिर आए। इसके बाद करीब 30 मिनट तक तेज बारिश हुई। बारिश रुकने के बाद कुछ समय के लिए हल्की धूप निकली। हालांकि, इसके बाद भी आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही।
बस्तर में भारी से अतिभारी बारिश का अनुमान
मौसम तंत्र का ज्यादा असर बस्तर संभाग में देखने को मिल रहा है। इसके चलते बस्तर के कई इलाकों में भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना है। मौसमी सिस्टम गुरुवार को विशाखापट्टनम और पुरी के समुद्र तट को पार करेगा। इसके प्रभाव से दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
रायपुर में अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में अगले 24 घंटे के दौरान मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। शहर में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की गतिविधियों के अनुसार बारिश का दौर रुक-रुककर जारी रहने की संभावना है।
मानसून का अंतिम सप्ताह
छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून के रेनी सीजन का अंतिम सप्ताह चल रहा है। इस दौरान प्रदेश में बारिश के लिए एक-दो और मौसमी सिस्टम बनने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में मानसून की विदाई से पहले प्रदेश के कुछ हिस्सों में एक बार फिर बारिश देखने को मिल सकती है।


