स्वतंत्र बोल
रायपुर 25 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार, 26 सितंबर को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया है। राज्य में बारिश के कारण जलभराव, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ऐसी स्थिति में स्कूली बच्चों को किसी तरह का जोखिम न उठाना पड़े, इसलिए प्रदेशभर के विद्यालयों में शनिवार को छुट्टी रखने का निर्णय लिया गया है।
अभिभावकों से घर पर रखने की अपील
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से बच्चों को घर पर ही रखने की अपील की है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों और सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि स्कूलों में अवकाश के आदेश का प्रभावी तरीके से पालन सुनिश्चित किया जाए।
बारिश के चलते जलभराव और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने की अपील भी की गई है।


