स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा फेरबदल, 25 डॉक्टरों को मिली नई जिम्मेदारी… देखें किस जिले को मिला नया सिविल सर्जन

स्वतंत्र बोल
रायपुर 17 सितंबर 2026।
छत्तीसगढ़ के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने राज्य स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 25 स्वास्थ्य अधिकारियों और विशेषज्ञों के तबादले का आदेश जारी किया है। विभाग की ओर से जारी इस आदेश के तहत विभिन्न जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएमएचओ), सिविल सर्जनों और चिकित्सा अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए उनकी नवीन पदस्थापना की गई है। इस फेरबदल में रायपुर, महासमुंद, सुकमा, बेमेतरा, धमतरी, बिलासपुर, सरगुजा और अन्य जिलों के अफसर शामिल हैं।

ad

सीएमएचओ स्तर पर हुए प्रमुख बदलाव

जारी आदेश के अनुसार महासमुंद के प्रभारी सीएमएचओ डॉ. आई. नागेश्वर राव को राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान रायपुर में उप संचालक बनाया गया है। सुकमा के प्रभारी सीएमएचओ डॉ. रामकेश्वर सिंह कुशवाहा को महासमुंद का प्रभारी सीएमएचओ नियुक्त किया गया है। दंतेवाड़ा जिला अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुवन विजय कुर्रे को सुकमा का प्रभारी सीएमएचओ बनाया गया है।

youtube

बेमेतरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खंडसरा से डॉ. शरद कोहाड़े को जिले का प्रभारी सीएमएचओ नियुक्त किया गया है। धमतरी में प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार टोंडर को जिला धमतरी का नया प्रभारी सीएमएचओ बनाया गया है। वहीं धमतरी के प्रभारी सीएमएचओ रहे डॉ. यू.एल. कौशिक को जिला अस्पताल मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का प्रभारी सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक बनाया गया है।

इन जिलों में भी बदले गए मुख्य चिकित्सा अधिकारी

सरगुजा संभाग के संभागीय संयुक्त संचालक डॉ. अनिल कुमार शुक्ला को जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई का प्रभारी सीएमएचओ बनाया गया है। सूरजपुर के प्रभारी सीएमएचओ डॉ. कपिल देव पैंकरा को संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं सरगुजा संभाग नियुक्त किया गया है। कोरिया के प्रभारी सीएमएचओ डॉ. प्रशांत सिंह को सूरजपुर का नया प्रभारी सीएमएचओ और जिला अस्पताल बैकुंठपुर (कोरिया) से डॉ. बलवंत सिंह को कोरिया जिले का प्रभारी सीएमएचओ बनाया गया है।

इसके अलावा, सूरजपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विश्रामपुर से डॉ. जगसाय सिंह सरुता को सरगुजा जिले का प्रभारी सीएमएचओ नियुक्त किया गया है। सरगुजा के प्रभारी सीएमएचओ रहे डॉ. प्रेम सिंह मार्को को सोनहट (कोरिया) सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरदीकला (बिलासपुर) से डॉ. श्रीकेश गुप्ता को मुंगेली जिले का नया प्रभारी सीएमएचओ बनाया गया है।

सिविल सर्जन और अस्पताल अधीक्षकों के तबादले

अस्पताल अधीक्षकों और सिविल सर्जनों के पद पर भी बदलाव किए गए हैं। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के प्रभारी सीएमएचओ डॉ. आशीष शर्मा को वहीं के जिला अस्पताल का प्रभारी सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक नियुक्त किया गया है। धमतरी जिला अस्पताल के डॉ. आदित्य सिन्हा को धमतरी जिला अस्पताल का प्रभारी सिविल सर्जन बनाया गया है। कबीरधाम जिले के पंडरिया से डॉ. राकेश कुमार को जिला अस्पताल मुंगेली का प्रभारी सिविल सर्जन बनाया गया है।

बलरामपुर जिला अस्पताल के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. शशांक गुप्ता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर भेजा गया है, जबकि राजपुर सीएचसी से डॉ. रामप्रसाद तिर्की को बलरामपुर जिला अस्पताल का प्रभारी सिविल सर्जन बनाया गया है। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. राजेंद्र राय को जिला अस्पताल दंतेवाड़ा स्थानांतरित किया गया है। दंतेवाड़ा के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. अभय सिंह तोमर को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर का प्रभारी सिविल सर्जन बनाया गया है। दंतेवाड़ा जिला अस्पताल की डॉ. प्रियंका सक्सेना को वहीं का प्रभारी सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

अन्य चिकित्सा अधिकारियों की नई पदस्थापना

मुंगेली की प्रभारी सीएमएचओ रहीं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शीला साहा का स्थानांतरण जिला अस्पताल बिलासपुर किया गया है। रायगढ़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बर्रा से डॉ. सत्यम कुमार पटेल को डभरा (सक्ती) सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।

सेंदरी (बिलासपुर) स्थित राज्य मानसिक चिकित्सालय के प्रभारी अधीक्षक एवं अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. जमुना प्रसाद आर्य को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर स्थित मानसिक चिकित्सालय का प्रभारी अधीक्षक बनाया गया है। वहीं बिल्हा (बिलासपुर) के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. रक्षित जोगी को सेंदरी (बिलासपुर) राज्य मानसिक चिकित्सालय का नया प्रभारी अधीक्षक नियुक्त किया गया है।