रायपुर। ऑनलाइन सट्टेबाजी के काले साम्राज्य पर रायपुर पुलिस ने एक और बड़ा वार किया है। ‘3 Stumps’ एप से जुड़े नेटवर्क के मास्टरमाइंड और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी के निवास पर क्राइम ब्रांच और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया है।
|
WhatsApp Group
|
Join Now |
|
Facebook Page
|
Follow Now |
|
Twitter
|
Follow Us |
|
Youtube Channel
|
Subscribe Now |
सूत्रों के मुताबिक, इस कार्रवाई में डीएसपी, टीआई समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार घर और अन्य संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ले रही है, जहां से अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत खंगाले जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बाबू खेमानी के विदेशी नेटवर्क से जुड़े होने के इनपुट मिलने के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है। पिछले कुछ घंटों से जांच टीम हर एंगल से दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है, जिससे इस नेटवर्क के और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
इस पूरे मामले का खुलासा 17 अप्रैल को तब हुआ था, जब रायपुर कमिश्नरेट की क्राइम और साइबर यूनिट ने कार्रवाई करते हुए बाबू खेमानी को मुंबई से गिरफ्तार किया था। इसके साथ ही महाराष्ट्र और गोवा में दबिश देकर 7 अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया और एक पूरे पैनल नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया।
जांच में सामने आया है कि बाबू खेमानी अपने भाई करण खेमानी के साथ मिलकर पिछले ढाई साल से ‘3 Stumps’, ‘रेड्डी ग्रुप’, ‘बजरंग ग्रुप’, ‘मेट्रो 65’ और ‘डायमंड मास्टर’ जैसे ऑनलाइन सट्टा पैनल चला रहा था। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की आड़ में यह नेटवर्क युवाओं को जोड़कर बड़े पैमाने पर सट्टेबाजी का खेल संचालित कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क का जाल छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गोवा सहित कई राज्यों तक फैला हुआ था। गोवा में संचालित एक लाइन पैनल को भी ध्वस्त किया जा चुका है। अब तक इस मामले में कुल 27 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
छापेमारी और गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में सामग्री भी बरामद की है, जिसमें लैपटॉप, मोबाइल फोन, राउटर, एटीएम कार्ड, सट्टा हिसाब-किताब से जुड़ी कॉपियां और एक लग्जरी कार शामिल है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी 20 से 30 हजार रुपये में बैंक खाते खरीदकर उन्हें सट्टे के लेन-देन में इस्तेमाल करते थे। साथ ही बाबू खेमानी की कई विदेशी यात्राओं की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी अब गहन जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ अभियान तेज हो चुका है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
