BREAKING: फर्नेस फटा और बहने लगा आग जैसा लावा, प्लांट के अंदर मचा हड़कंप, बाल-बाल बचे कर्मचारी

जांजगीर। जिले में औद्योगिक सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई है। वेदांता पावर प्लांट हादसे की दहशत अभी थमी भी नहीं थी कि अब प्रकाश इंडस्ट्रीज में अचानक हुए हादसे ने हड़कंप मचा दिया।

जानकारी के मुताबिक, प्लांट के फर्नेस में अचानक पंचर हो गया, जिसके बाद पिघला हुआ लोहा लावा की तरह बाहर बहने लगा। देखते ही देखते प्लांट के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वहां मौजूद कर्मचारियों में डर फैल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हालात कुछ देर के लिए इतने भयावह हो गए थे कि किसी बड़े हादसे की आशंका जताई जाने लगी। हालांकि राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।

प्लांट प्रबंधन ने घटना को सामान्य तकनीकी गड़बड़ी बताते हुए स्थिति को नियंत्रित होने की बात कही है। बावजूद इसके, हाल ही में हुए वेदांता पावर प्लांट हादसे को देखते हुए जिला प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम पवन कोसमा को मौके पर निरीक्षण के लिए रवाना किया गया है, ताकि स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

फिलहाल, इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा मानकों और प्लांट प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर लोगों में भी इस तरह की घटनाओं को लेकर डर और चिंता का माहौल देखा जा रहा है।