छत्तीसगढ़ भाजपा की बैठकों में मिशन-2028 पर क्या बनी रणनीति?

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 25 अक्टूबर 2026:
 छत्तीसगढ़ भाजपा ने मिशन-2028 के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने पर जोर दिया है। पार्टी की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने रविवार को रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पूर्व और वर्तमान पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा निगम-मंडल और आयोगों के अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। उन्होंने कहा कि चुनाव कार्यकर्ताओं की मेहनत, जनता से जुड़ाव और मजबूत संगठन के दम पर जीते जाते हैं। स्मृति ईरानी ने कहा कि भाजपा की रीति-नीति सांगठनिक अनुशासन, आंतरिक लोकतंत्र और कार्यकर्ताओं के नि:स्वार्थ परिश्रम पर आधारित है। पार्टी के प्रत्येक कार्यक्रम का क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर दिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी का कार्यकर्ता मिशन-2028 का लक्ष्य पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और भाजपा आगामी समय में पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।

ad

छत्तीसगढ़ भाजपा की बैठकों में मिशन-2028 पर क्या बनी रणनीति?

youtube

मिशन-2028 को बताया विकास और सुशासन का संकल्प

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि मिशन-2028 केवल चुनावी लक्ष्य नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, विकास और सुशासन की पुनर्प्रतिष्ठा का संकल्प है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल मतपत्रों या मशीनों से नहीं जीते जाते। इसके लिए कार्यकर्ताओं की मेहनत, जनता से आत्मीय जुड़ाव और संगठन का मजबूत तंत्र जरूरी है।

सुबह से शाम तक हुईं अलग-अलग बैठकें

दौरे के पहले दिन की शुरुआत सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ सुनने के साथ हुई। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री (संगठन) और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक चर्चा हुई। दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक प्रदेश पदाधिकारियों के साथ कामकाज की समीक्षा की गई। इसके बाद 1:30 से 2:30 बजे तक संभाग प्रभारी, सह-प्रभारी, जिला प्रभारी, सह-प्रभारी और जिला अध्यक्षों की संयुक्त समन्वय बैठक हुई। दोपहर 3:30 से शाम 5 बजे तक पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ परामर्श किया गया। शाम 5:30 से 7 बजे तक पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ चर्चा हुई। इसके बाद शाम 7 से रात 8:30 बजे तक निगम-मंडल और आयोगों के अध्यक्षों की बैठक हुई।

पार्टी कार्यालय में सादगी से हुआ स्वागत

स्मृति ईरानी और प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू के रायपुर पहुंचने पर पार्टी की ओर से स्वागत किया गया। पार्टी के अनुसार, स्वागत में बड़े फ्लेक्स और पोस्टरों के बजाय पार्टी के ध्वजों का इस्तेमाल किया गया। प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने के बाद स्मृति ईरानी ने परिसर स्थित ‘स्मृति मंदिर’ में भारत माता और पार्टी के पितृ-पुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की।

ये नेता रहे मौजूद

बैठकों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी और डॉ. नवीन मार्कंडेय सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।