स्वतंत्र बोल
बिलासपुर 8 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में गरबा उत्सव की जोर-शोर से चल रही तैयारियों के बीच एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है. पारंपरिक गरबा परिधान पहने युवतियों के धूम्रपान करने और खुलेआम हथियार लहराने का यह वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. मामला सामने आते ही शहरवासियों में भारी आक्रोश फैल गया है और पुलिस से कठोर कार्रवाई की मांग की जा रही है.
गरबा पास से जोड़कर बनाया गया है वीडियो
वायरल हो रही वीडियो क्लिप को देखकर प्रतीत हो रहा है कि इसे किसी गरबा इवेंट के पास (Pass) को लेकर शूट किया गया है. वीडियो में लड़कियां लड़कों से गरबा का पास हासिल करती हैं और उसके बाद बाइक चलाकर वहां से निकल जाती हैं. इस दौरान युवतियां सिगरेट पीती हैं और हथियार लहराती हुई नजर आ रही हैं, जिससे धार्मिक आयोजन से जुड़े इस पर्व की गरिमा पर सवाल उठने लगे हैं.
युवाओं की मानसिकता पर उठने लगे सवाल
गरबा जैसे पवित्र और सांस्कृतिक आयोजनों से ठीक पहले इस तरह के वीडियो सामने आने से समाज के विभिन्न वर्गों में गहरा गुस्सा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह वीडियो युवा पीढ़ी की उस मानसिकता को उजागर करता है, जिसमें धार्मिक आयोजनों को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है. पारंपरिक परिधान पहनकर इस तरह की हरकतें करना न सिर्फ आस्था का अपमान है, बल्कि इससे गलत संदेश भी जा रहा है.
पुलिस से स्वत: संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई की मांग
शहर के लोगों और सामाजिक संगठनों ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया है. बिलासपुर निवासियों की मांग है कि पुलिस प्रशासन इस वायरल वीडियो पर स्वत: संज्ञान (Sua Sponte) ले और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने तथा खुलेआम हथियार प्रदर्शन करने वालों पर तुरंत कठोर कानूनी कार्रवाई करे, ताकि आने वाले दिनों में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके.


