स्वतंत्र बोल
लखनऊ 17 अक्टूबर 2026: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले दल बदल की राजनीति तेज हो गई है। राष्ट्रीय लोकदल (RLD), आजाद समाज पार्टी, निषाद पार्टी और बीजेपी से जुड़े कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी (सपा) की सदस्यता ले ली। इस मौके पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दावा किया कि कई विधायक और दूसरे दलों के नेता उनकी पार्टी के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि अभी तो यह शुरुआत है और आने वाले समय में पार्टी में शामिल होने वालों की संख्या बढ़ेगी।
बीजेपी, RLD समेत कई दलों के नेता सपा में शामिल
समाजवादी पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं में बीजेपी के राजपाल सैनी और शामली के हरबीर मलिक प्रमुख हैं। हरबीर मलिक बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य रह चुके हैं।
इनके अलावा आजाद समाज पार्टी के पवन सैनी, निषाद पार्टी के शुभेंद्र आचार्य और RLD से जुड़े संजीव प्रधान, राजेंद्र मलिक, विजेंद्र मलिक, शुभम मलिक और राजेंद्र सिंह ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ली।
85 किलो गांजा, कार और 4 मोबाइल जब्त; पुलिस अब किसे तलाश रही?
अखिलेश यादव का दावा- कई विधायक संपर्क में
नेताओं के सपा में शामिल होने के मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि दूसरे दलों के कई नेता समाजवादी पार्टी के संपर्क में हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं की संख्या और बढ़ सकती है।
अखिलेश ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता उससे नाराज है और लोग खुद को अपमानित महसूस कर रहे हैं। उनके मुताबिक, इसी वजह से दूसरे दलों के नेता समाजवादी पार्टी की ओर रुख कर रहे हैं।
सात फेरे नहीं हुए, पति ने शादी रद्द कराने की मांग की; हाई कोर्ट ने क्या कहा?
मतदाता सूची के पुनरीक्षण पर चुनाव आयोग को घेरा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बीजेपी और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने SSR को उल्टा पढ़ते हुए RSS का जिक्र किया।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में बदलाव की प्रक्रिया का इस्तेमाल चुनावी समीकरणों को प्रभावित करने के लिए किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का बार-बार पुनरीक्षण नहीं होना चाहिए, क्योंकि इससे लोगों को परेशानी हो सकती है।
सपा प्रमुख ने गड़बड़ियों के खिलाफ लड़ाई जारी रखने की बात कही
अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया के खिलाफ नहीं है, बल्कि इसमें कथित गड़बड़ियों का विरोध करती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ऐसे मामलों को उठाती रहेगी और किसी भी कथित साजिश को सफल नहीं होने देगी।


