स्वतंत्र बोल
रायपुर 17 अक्टूबर 2026: रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 85 किलो गांजा जब्त किया है। 16 अक्टूबर को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के दुर्गा चौक मैदान के पास की गई कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल महिंद्रा कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे की कीमत करीब 42 लाख 50 हजार रुपये और कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 58 लाख रुपये है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बलांगीर से लाकर रायपुर में किसी अन्य व्यक्ति को बेचने के लिए ले जाने की जानकारी दी है। पुलिस अब गांजा सप्लाई करने वाले लोगों और संभावित खरीदारों की तलाश कर रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के दुर्गा चौक मैदान के पास एक चारपहिया वाहन में गांजा रखा गया है। वाहन में सवार लोग इसे बेचने की फिराक में थे।
सूचना के बाद पुलिस उपायुक्त अपराध एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में संयुक्त टीम बनाई गई। इसमें एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिविल लाइंस पुलिस शामिल थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन की तलाशी ली।
कार की डिक्की में अलग-अलग पैकेटों में मिला गांजा
पुलिस ने वाहन में सवार तीन लोगों से पूछताछ की। उनकी पहचान मध्यप्रदेश के सागर निवासी अनीश साहू, मंडला निवासी राकेश साहू और महासमुंद जिले के सूरज कलेत के रूप में हुई।
कार की तलाशी के दौरान डिक्की में अलग-अलग पैकेटों में रखा 85 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे की कीमत करीब 42 लाख 50 हजार रुपये आंकी है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल महिंद्रा कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ सिविल लाइंस थाने में अपराध क्रमांक 544/26 के तहत स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की धारा 20(बी)(ii)(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सप्लायर और खरीदारों की तलाश में पुलिस
पुलिस अब गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि गांजा कहां से खरीदा गया, रायपुर तक कैसे पहुंचाया गया और इसे आगे किसे बेचा जाना था।
जब्त मोबाइल फोन, वाहन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के संपर्कों की जांच की जा रही है। पुलिस गांजा उपलब्ध कराने वाले लोगों और संभावित खरीदारों के बीच संबंधों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
अब तक 7.09 करोड़ रुपये की सामग्री जब्त
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के मुताबिक, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अब तक NDPS एक्ट के 92 मामलों में 204 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इन मामलों में गांजा, ओशन ग्रो, प्रतिबंधित नशीली गोलियां, MDMA, पार्टी पिल्स, कोकीन, प्रतिबंधित सिरप, डोडा, हेरोइन, ब्राउन शुगर और अफीम सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है। पुलिस ने नकदी, चारपहिया और दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन तथा हथियार भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, इन मामलों में जब्त सामग्री की कुल कीमत 7 करोड़ 9 लाख 98 हजार रुपये है।


