स्वतंत्र बोल
रायपुर 27 मई 2026: छत्तीसगढ़ इस समय दोहरे मौसमीय खतरे की चपेट में है। एक तरफ 44 से 45 डिग्री की भीषण गर्मी लोगों को झुलसा रही है, तो दूसरी तरफ मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज आंधी-तूफान, वज्रपात और बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। अचानक बदलते मौसम ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक नारायणपुर, धमतरी, गरियाबंद, बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बस्तर और कोंडागांव जिलों में तेज हवा, गरज-चमक और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। अगले दो दिनों में कई जगहों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
इधर नौतपा के दूसरे दिन भी प्रदेश में गर्मी का कहर जारी रहा। मंगलवार को राजनांदगांव पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा तपता जिला रहा, जहां तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में भी लोगों का हाल बेहाल रहा और तापमान 44.5 डिग्री तक पहुंच गया।
इसके अलावा दुर्ग में 44.7 डिग्री, बिलासपुर में 44.5 डिग्री, अंबिकापुर में 42.4 डिग्री, जगदलपुर में 42 डिग्री और पेंड्रारोड में 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 44-45 डिग्री के आसपास बना रहेगा। हालांकि इसके बाद मौसम करवट ले सकता है और तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है।
विशेषज्ञों के अनुसार 29 मई से पूरे प्रदेश में मौसम तेजी से बदल सकता है। मेघगर्जन, तेज हवाएं, बारिश और वज्रपात की गतिविधियां बढ़ने की आशंका जताई गई है।
भीषण गर्मी और संभावित तूफान को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खासकर दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
लगातार बदलते मौसम ने अब लोगों के सामने नई चिंता खड़ी कर दी है कि राहत देने वाली बारिश कहीं आफत बनकर न टूट पड़े।


