चलती ट्रेन से मौत की साजिश… प्यार बना खौफनाक जाल, 14 साल की देविका का अंत सुनकर कांप उठेंगे

स्वतंत्र बोल 
बिलासपुर ,01 अप्रैल 2026: एक मासूम रिश्ता, जो भरोसे और साथ की उम्मीद पर टिका था, अचानक ऐसी खौफनाक साजिश में बदल गया कि सुनने वालों की रूह कांप उठे। 14 साल की एक लड़की की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है, जहां प्यार ही उसकी जान का दुश्मन बन गया।

जानकारी के अनुसार, देविका वर्मा नाम की 8वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा का शव रेलवे ट्रैक पर मिला था। अब इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है, जिसमें उसके ही बॉयफ्रेंड पर हत्या का आरोप है।

बताया जा रहा है कि देविका का डोंगरगढ़ निवासी मोहन वर्मा के साथ प्रेम संबंध था। 28 मार्च को वह बिना घरवालों को बताए उसके साथ निकल गई थी। दोनों वेनगंगा एक्सप्रेस से कोरबा की ओर जा रहे थे।

यात्रा के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर मोहन ने चलती ट्रेन से देविका को धक्का दे दिया, जिससे नीचे गिरने पर उसकी मौत हो गई।

जांच में यह भी सामने आया है कि इस दौरान उनके साथ दो अन्य युवक भी मौजूद थे। चारों पहले खैरागढ़ से डोंगरगढ़ पहुंचे और वहां से ट्रेन में सवार हुए थे। घटना मस्तुरी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

देविका, खैरागढ़ के चिचोला की रहने वाली थी और अपने मामा की शादी में आई हुई थी। 28 मार्च की रात से लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और 29 मार्च को ठेलकाडीह थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। फिलहाल सभी से पूछताछ जारी है और पूरे घटनाक्रम का खुलासा आज शाम किए जाने की बात कही जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर भरोसे के रिश्तों में छिपे ऐसे खतरनाक मोड़ को कैसे पहचाना जाए, क्योंकि इस बार एक मासूम की जिंदगी इसकी कीमत बन गई।