रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए रविवार को हीरापुर, जरवाय और अटारी क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सड़क निर्माण, स्वास्थ्य अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत हुई, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
ग्राम जरवाय स्थित प्रेरणा ब्लाइंड स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत और रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने संयुक्त रूप से लोक निर्माण विभाग, नगर पालिक निगम रायपुर तथा छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड की विभिन्न परियोजनाओं का भूमिपूजन किया।
लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 4.11 करोड़ रुपये की लागत से हीरापुर-जरवाय-अटारी क्षेत्र के आंतरिक मार्गों का निर्माण कराया जाएगा। वहीं नगर निगम की ओर से लगभग 1.40 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न अधोसंरचना विकास कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण भी कराया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक राजेश मूणत ने कहा कि रायपुर पश्चिम विधानसभा में विकास केवल सड़कों तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, युवा सुविधाओं, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण और आधुनिक शहरी अधोसंरचना पर समान रूप से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नालंदा परिसर युवाओं के लिए आधुनिक अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित हो चुका है, जबकि नालंदा परिसर फेस-2 का निर्माण तेजी से जारी है। साथ ही महादेव कॉरिडोर, मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल, उद्यानों के उन्नयन, सड़क चौड़ीकरण, पुल-पुलिया, सामुदायिक भवन और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई कार्य भी प्रगति पर हैं।
राजेश मूणत ने कहा कि वीर सावरकर वार्ड में अब तक लगभग 73 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत और संचालित किए जा चुके हैं। इनमें करीब 65 करोड़ रुपये की लागत से दो महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण, नगर निगम के लगभग 9 करोड़ रुपये के विकास कार्य तथा करीब 80 लाख रुपये की अन्य परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार का राजनीतिक भेदभाव नहीं किया जाता और प्रत्येक वार्ड को समान प्राथमिकता दी जा रही है।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि रायपुर नगर निगम शहर के सुनियोजित और समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। विधायक राजेश मूणत के मार्गदर्शन और राज्य सरकार के सहयोग से रायपुर पश्चिम विधानसभा में सड़क, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आज जिन परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ है, उनके पूरा होने के बाद हीरापुर, जरवाय और अटारी क्षेत्र के हजारों परिवारों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।


