‘मन की बात’ में पीएम मोदी का बड़ा संदेश! सीएम साय बोले- हर नागरिक को राष्ट्र निर्माण में निभानी होगी अपनी भूमिका

 

ad

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को रायपुर स्थित अपने निवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 135वां एपिसोड सुना। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

youtube

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ‘मन की बात’ आज जनभागीदारी, प्रेरणा और सकारात्मक बदलाव का सशक्त मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार देश के प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही वर्षा जल संचयन, प्रकृति संरक्षण और मेघालय के प्रसिद्ध रूट ब्रिज जैसे नवाचारों का उल्लेख करते हुए पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता का संदेश दिया।

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री का आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी और राष्ट्र निर्माण का आह्वान समाज के हर वर्ग को सकारात्मक दिशा देने वाला है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरक संदेश लोगों को देश के विकास में अपनी जिम्मेदारी समझने और सक्रिय योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।