स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 27 नवंबर 2026: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परिसीमन को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने 27 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘परिसीमन भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा।’ अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर महिलाओं को सिर्फ नारे के तौर पर इस्तेमाल करना चाहती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जो पार्टी अपने संगठन में महिलाओं को पर्याप्त जगह नहीं देती, वह उनके मान-सम्मान की बात कैसे कर सकती है। अखिलेश ने कहा कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन इसे लागू करने के लिए परिसीमन का जो तरीका अपनाया जा रहा है, उससे उसे आपत्ति है। उन्होंने भाजपा शासित राज्यों में महिला मुख्यमंत्रियों की संख्या को लेकर भी सवाल उठाए।
‘नारी को नारा बनाने की कोशिश कर रही BJP’
अखिलेश यादव ने कहा कि महिला आरक्षण उनके आह्वान को और मजबूत कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अब महिलाओं को नारा बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, ‘जिन्होंने नारी को अपने संगठन में नहीं रखा, वे उसके मान-सम्मान को कैसे रखेंगे?’ अखिलेश ने यह भी सवाल किया कि पिछले कई साल से भाजपा सत्ता में है, लेकिन जेंडर इक्वालिटी के मामले में देश की स्थिति क्या है। सपा अध्यक्ष ने भाजपा की 21 जगह सरकार होने का जिक्र करते हुए पूछा कि इनमें कितनी जगह महिला मुख्यमंत्री हैं।
अप्रैल में भी परिसीमन के तरीके पर जताई थी आपत्ति
अखिलेश यादव इससे पहले अप्रैल 2026 में भी महिला आरक्षण कानून और परिसीमन को लेकर मोदी सरकार की आलोचना कर चुके हैं। उस समय उन्होंने आरोप लगाया था कि सरकार इस मुद्दे पर गुप्त योजना के तहत काम कर रही है। उन्होंने तब साफ किया था कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है। पार्टी को आपत्ति परिसीमन की प्रक्रिया और उसे लागू करने के तरीके से है।
लोकसभा में जरूरी बहुमत नहीं जुटा पाया था विधेयक
अप्रैल 2026 में लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक पेश किया गया था। इसमें महिला आरक्षण को लागू करने और परिसीमन से जुड़े प्रावधान थे। हालांकि, विधेयक संविधान संशोधन के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर पाया और लोकसभा में गिर गया। अब करीब सात महीने बाद महिला आरक्षण और परिसीमन का मुद्दा फिर चर्चा में है। सरकार की ओर से इसे दोबारा आगे बढ़ाने की तैयारी की चर्चाओं के बीच विपक्षी दल अपना रुख साफ कर रहे हैं।


