स्वतंत्र बोल
बिलासपुर 27 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में अध्यक्ष की नियुक्ति में हो रही देरी पर हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। बिलासपुर हाईकोर्ट ने राज्य शासन और आयोग को नोटिस जारी कर 14 दिसंबर तक नियुक्ति प्रक्रिया की स्थिति स्पष्ट करने और प्रगति रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने चेतावनी दी है कि तय समय-सीमा में नियुक्ति नहीं होने पर कठोर कार्रवाई की जा सकती है। सुनवाई के दौरान राज्य शासन की ओर से बताया गया कि अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अध्यक्ष का पद खाली होने के कारण मनोचिकित्सक विशेषज्ञों के इंटरव्यू भी अटके हुए हैं। इस पर याचिकाकर्ता की ओर से सुझाव दिया गया कि नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति होने तक कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया जा सकता है, ताकि इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी हो सके।
हाईकोर्ट ने 26 अक्टूबर को दिए गए आदेश के बावजूद नियुक्ति नहीं होने पर नाराजगी जताई। कोर्ट ने 14 दिसंबर को होने वाली अगली सुनवाई में नियुक्ति प्रक्रिया और लंबित इंटरव्यू की स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
150 से 155 पदों का भर्ती विज्ञापन अटका
CGPSC अध्यक्ष का पद खाली होने का असर नई भर्ती पर भी पड़ा है। आयोग इस साल 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर राज्य सेवा परीक्षा-2026 का विज्ञापन जारी नहीं कर सका। नई भर्ती के लिए करीब 150 से 155 पदों का विज्ञापन तैयार है। इसमें डिप्टी कलेक्टर के 10 और डीएसपी के 5 पद शामिल हैं। बताया जा रहा है कि अध्यक्ष की नियुक्ति और उनके हस्ताक्षर के बाद ही विज्ञापन जारी हो सकेगा।
608 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू का इंतजार
अध्यक्ष का पद खाली होने से राज्य सेवा परीक्षा-2025 की भर्ती प्रक्रिया भी प्रभावित है। इस परीक्षा के तहत 265 पदों पर भर्ती होनी है। मुख्य परीक्षा पास कर चुके 608 अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू अब तक लंबित है।
इसके अलावा पुलिस विभाग की एसआई भर्ती परीक्षा और करीब 5 हजार सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े मामले भी अटके हुए हैं। पदोन्नति में देरी के कारण पात्र कर्मचारियों को मिलने वाले वित्तीय और सेवागत लाभ समय पर नहीं मिल पा रहे हैं। अब हाईकोर्ट ने राज्य शासन और आयोग से 14 दिसंबर तक नियुक्ति प्रक्रिया की प्रगति बताने को कहा है।


