स्वतंत्र बोल
रायपुर 18 नवबंर 2026 : जिले के महिला थाना में संचालित परिवार परामर्श केंद्र की एक और काउंसलर पर गाज गिरी है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने बीजेपी नेत्री और परिवार परामर्श केंद्र की काउंसलर संतोषी दुबे को उनके पद से हटा दिया है। उनके खिलाफ नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लेने और काम नहीं दिलाने की गंभीर शिकायत सामने आई थी।
कोरबा निवासी ने लगाया है आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी पारस जैन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि संतोषी दुबे ने एनजीओ के माध्यम से पांच अलग-अलग स्थानों पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। आरोप है कि इसके बदले संतोषी दुबे को डेढ़ लाख रुपये और उनके एक सहयोगी को साढ़े तीन लाख रुपये चेक के माध्यम से दिए गए थे। पैसे लेने के बाद न तो संबंधित लोगों को नौकरी दिलाई गई और न ही उनकी रकम वापस की गई। काफी समय तक समाधान न मिलने पर शिकायतकर्ता ने जांजगीर-चांपा एसपी से इसकी शिकायत की थी।
डीएसपी को सौंपी गई जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने संतोषी दुबे की नियुक्ति रद्द कर दी है। इसके साथ ही पूरे मामले की जांच परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी और अजाक थाना के डीएसपी को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों को शिकायत से जुड़े तमाम आरोपों और वित्तीय लेन-देन की गहराई से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
एक हफ्ते में दूसरी बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि जिले में बीते एक सप्ताह के भीतर परिवार परामर्श केंद्र की दूसरी महिला काउंसलर की नियुक्ति रद्द की गई है। इससे पहले बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य और काउंसलर पूजा राठौर की नियुक्ति भी इसी तरह के आरोपों के चलते निरस्त की गई थी, जिन पर रायपुर के एक युवक ने नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लेने की शिकायत दर्ज कराई थी।


