नई वोटर लिस्ट में कुल मतदाता तो बढ़े, लेकिन 18 से 19 साल के 5.80 लाख युवा वोटर कहां गायब हो गए?

Untitled

स्वतंत्र बोल
लखनऊ 17 नवंबर 2026:
उत्तर प्रदेश में चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। नई सूची में प्रदेश के कुल मतदाताओं की संख्या करीब 18 लाख 84 हजार बढ़कर 13.58 करोड़ हो गई है। हालांकि, 18 से 19 साल के युवा मतदाताओं की संख्या में 5 लाख 80 हजार की कमी दर्ज की गई है। वहीं, पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या में ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। ड्राफ्ट सूची और 2026 की अनुमानित आबादी के बीच करीब 2.58 करोड़ का अंतर भी सामने आया है। नई मतदाता सूची के मुताबिक, पुरुष वोटरों की संख्या में 7 लाख 87 हजार 449 की बढ़ोतरी हुई है। अब प्रदेश में कुल 7.38 करोड़ पुरुष मतदाता हैं। वहीं, महिला मतदाताओं की संख्या 10 लाख 96 हजार 828 बढ़कर 6.20 करोड़ हो गई है। दूसरी ओर, तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या 164 घट गई है। पहले इनकी संख्या 4,206 थी, जो अब 4,042 रह गई है।

ad

18-19 साल के युवा मतदाताओं की संख्या 5.80 लाख घटी

ड्राफ्ट मतदाता सूची में सबसे ज्यादा ध्यान 18 से 19 साल के मतदाताओं के आंकड़े पर है। इस आयु वर्ग में 5 लाख 80 हजार 8 मतदाताओं की कमी दर्ज की गई है। पिछली अंतिम मतदाता सूची में इस उम्र के 17 लाख 63 हजार 360 वोटर थे। नई ड्राफ्ट सूची में यह संख्या घटकर 11 लाख 83 हजार 352 रह गई है। वहीं, मतदाता सूची में जेंडर रेशियो में सुधार हुआ है। यह 834 से बढ़कर 840 हो गया है। ईपी रेशियो भी 55.17 से बढ़कर 55.95 दर्ज किया गया है।

youtube

पिछली सूची के मुकाबले कितने बढ़े वोटर?

10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में उत्तर प्रदेश में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता थे। इनमें 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61 पुरुष, 6 करोड़ 9 लाख 9 हजार 525 महिलाएं और 4,206 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल थे। उस समय 18 से 19 साल के युवा मतदाताओं की संख्या 17 लाख 63 हजार 360 थी। नई ड्राफ्ट सूची में कुल मतदाताओं की संख्या करीब 18.84 लाख बढ़ी है। जेंडर रेशियो और ईपी रेशियो में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

अनुमानित आबादी से 2.58 करोड़ कम मतदाता

ड्राफ्ट मतदाता सूची और 2026 की अनुमानित आबादी के आंकड़ों में भी अंतर सामने आया है। अनुमानित आबादी के आधार पर उत्तर प्रदेश में करीब 16.16 करोड़ मतदाता होने चाहिए, जबकि ड्राफ्ट सूची में करीब 13.58 करोड़ मतदाता दर्ज हैं। इस तरह दोनों आंकड़ों के बीच करीब 2 करोड़ 58 लाख का अंतर है। आंकड़ों के मुताबिक, अनुमानित पुरुष आबादी और पुरुष मतदाताओं की संख्या के बीच करीब 94.17 लाख का अंतर है। वहीं, अनुमानित महिला आबादी और महिला मतदाताओं की संख्या में करीब 1.64 करोड़ का अंतर दर्ज किया गया है। 18 से 19 साल के आयु वर्ग की अनुमानित आबादी 84.47 लाख है, जबकि ड्राफ्ट मतदाता सूची में इस उम्र के सिर्फ 11.83 लाख मतदाता दर्ज हैं। अनुमानित आबादी के आधार पर ईपी रेशियो 66.57 है, जबकि ड्राफ्ट मतदाता सूची में यह 55.95 दर्ज किया गया है।

राजनीतिक दलों को मिली ड्राफ्ट वोटर लिस्ट की कॉपी

सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को ड्राफ्ट मतदाता सूची की हार्ड और सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध करा दी है। पूरक मतदाता सूचियों की सॉफ्ट कॉपी भी राजनीतिक दलों को दी गई है। ड्राफ्ट मतदाता सूची और पूरक सूचियां मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध हैं।

ऐसे चेक करें वोटर लिस्ट में अपना नाम

मतदाता ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम कई तरीकों से चेक कर सकते हैं।

  • अपने मतदान केंद्र पर उपलब्ध ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम देख सकते हैं।
  • बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के पास मौजूद सूची से नाम की जांच कर सकते हैं।
  • ECINET मोबाइल ऐप के जरिए भी नाम चेक किया जा सकता है।
  • मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट https://ceouttarpradesh.nic.in पर सूची देख सकते हैं।
  • चुनाव आयोग के नागरिक सेवा पोर्टल https://voters.eci.gov.in पर भी नाम की जांच कर सकते हैं।