स्वतंत्र बोल
रायपुर 12 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भोपाल दौरे के लिए रवाना हो गए हैं। भोपाल रवाना होने से पहले उन्होंने मीडिया से चर्चा की, जहां उन्होंने धान खरीदी और आगामी कार्यक्रमों को लेकर अहम जानकारियां साझा कीं।
15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कहा कि सरकार पूरी तरह तैयार है और प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी की शुरुआत की जा रही है। किसानों से जुड़े इस बड़े मुद्दे पर सरकार ने सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
रायगढ़ में होगा जनजाति गौरव दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को पूरे देश में ‘जनजाति गौरव दिवस’ के रूप में मनाई जाएगी। इस पर सीएम साय ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य का विषय है कि इस अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में होने वाले इस समारोह में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी शामिल होंगे।
केंद्रीय मंत्री की माता को देंगे श्रद्धांजलि
अपने भोपाल दौरे के बारे में बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की स्वर्गीय माता जी के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे हैं। वहां पहुंचकर वे दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।


