स्वतंत्र बोल
रायपुर 10 नवंबर 2026: राजधानी के VIP रोड स्थित होटल वेलकम श्री (साधना मंडप) की संपत्ति को लेकर विवाद सामने आया है। होटल की मालकिन सरिता वाजपेयी ने बरखा टंडन, उनके पति दीपक टंडन उर्फ अम्बेडकर टंडन और उनके साथियों पर होटल की सील तोड़कर अंदर घुसने और संपत्ति पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर तेलीबांधा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2021 में तीन साल के लिए लीज पर दिया था होटल
पुलिस के मुताबिक, सरिता वाजपेयी ने अपनी शिकायत में बताया कि VIP रोड के अमलीडीह वार्ड क्रमांक 50 में खसरा नंबर 289/175 पर साधना मंडप भवन स्थित है। उन्होंने वर्ष 2021 में यह संपत्ति बरखा टंडन को होटल और बैंक्वेट हॉल चलाने के लिए तीन साल की लीज पर दी थी। इसका संचालन होटल वेलकम श्री के नाम से किया जा रहा था।
लीज की मूल अवधि वर्ष 2024 में समाप्त हो गई थी। इसके बाद आपसी सहमति से लीज को 11-11 महीने के लिए दो बार बढ़ाया गया। इसकी अंतिम अवधि 7 अप्रैल 2026 को समाप्त हो गई थी।
नगर निगम ने 18 अगस्त को होटल किया था सील
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बरखा टंडन की ओर से करीब एक साल से किराया नियमित रूप से नहीं दिया जा रहा था। वहीं, नगर निगम का संपत्ति कर भी बकाया था। इसके चलते 18 अगस्त 2026 को नगर निगम ने होटल को सील कर दिया था।
सरिता वाजपेयी के मुताबिक, 23 अगस्त को जब वह संपत्ति पर कब्जा लेने पहुंचीं तो बरखा टंडन, उनके पति और कर्मचारी नगर निगम की सील तोड़कर अंदर मौजूद थे। उन्होंने इस मामले की शिकायत की, जिसके बाद नगर निगम ने दोबारा संपत्ति को सील कर दिया था।
तेलीबांधा पुलिस ने दर्ज किया अपराध
मालकिन ने बरखा टंडन, दीपक टंडन और उनके साथियों पर अनाधिकृत रूप से संपत्ति में प्रवेश करने, कब्जा करने और उन्हें अंदर जाने से रोकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।


